इस्पात नगरी में छठ घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब....भिलाई - दुर्ग में मनाया गया छठ महापर्व : व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, शुक्रवार की सुबह दिया जाएगा दूसरा अर्घ्य.. पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने दिया अर्घ्य… - Steel City Online News Portal

इस्पात नगरी में छठ घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब….भिलाई – दुर्ग में मनाया गया छठ महापर्व : व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, शुक्रवार की सुबह दिया जाएगा दूसरा अर्घ्य.. पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने दिया अर्घ्य…

IMG-20241107-WA1871.jpg

भिलाई नगर 7 नवंबर 2024 :-  इस्पात नगरी भिलाई -दुर्ग सहित देश भर में लोक आस्था का प्रमुख पर्व छठ धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गुरुवार को इस्पात नगरी के सेक्टर 2, सेक्टर 7, बैकुंठ धाम , नेहरू नगर भेलवा तालाब, कोहका तालाब, रामनगर मुक्तिधाम के पास कैंप 01 का तालाब ,जवाहर उद्यान सेक्टर 5, मरोदा गेट एवं दुर्ग भिलाई 3 चरोदा नंदनी दल्ली राजहरा,स्थित तालाबों में सायं काल डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इस अवसर पर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की गई। छठ महापर्व पर छठ घाट पर उपस्थित महिलाएं संतान की लंबी उम्र और परिवार की समृद्धि के लिए व्रत भी रखी है।

व्रती महिलाएं 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखी हैं और डूबते तथा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित भी कर रही हैं। छठ महापर्व के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया गया। शुक्रवार 8 नवंबर को छठ के चौथे दिन प्रातः काल उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दफा इस्पात नगरी के तालाबों पर जल्द प्रतिनिधियों का  पहले की तरह अभाव देखा गया।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने आज सेक्टर -2 छठ तालाब पहुंचकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा- अर्चना की। उन्होंने छठ मइया की पूजा- अर्चना कर भिलाईवासियों और प्रदेश की खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने लोगों से भेंट करते हुए उनका हालचाल जाना और लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सूर्य देव विपुल ऊर्जा के स्रोत हैं। छठ एकमात्र पर्व है जहां हम अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देते हैं, नई सुबह और नई उम्मीद के साथ हमारे जीवन में सकारात्मकता का संचार हो। इस सकारात्मकता के साथ सूर्य देव हमें सदैव आगे बढ़ते रहने की ऊर्जा प्रदान करते हैं।

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने आज शाम शीतला तालाब सुपेला, राम नगर मुक्तिधाम, सूर्यकुण्ड गंगा घाट बैकुंठधाम, सूर्यकुण्ड हाउसिंग बोर्ड पहुंच कर छठ व्रतधारियों और उनके परिजनों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। 8 नवंबर की सुबह विधायक रिकेश सेन सुबह 4 बजे ढांचा भवन तालाब कुरूद, सुबह साढ़े 4 बजे भेलवा तालाब कोसका, सुबह 5 बजे राधिका नगर दाऊबाड़ा तालाब, साढ़े 5 बजे घासीदास नगर और 6 बजे सेक्टर-2 तालाब पहुंचेंगे।

गूंजते रहे छठी मैया के गीत

घरों से लेकर घाटों तक भक्तिपूर्ण माहौल बना रहा। छठ महापर्व की तैयारियां घरों में कई दिनों से चल रही थी। घरों से लेकर घाटों तक भक्ति के गीत गूंजते रहे। जिससे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर छठ घाट पर आज बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित थे।


scroll to top