वेतन नहीं मिलने से गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने निगम गेट पर कचरा फेंक किया प्रदर्शन..... 00 अफसरों को जाने से रोका तो दूसरा गेट खुलवाकर गए कार्यालय.... - Steel City Online News Portal

वेतन नहीं मिलने से गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने निगम गेट पर कचरा फेंक किया प्रदर्शन…..
00 अफसरों को जाने से रोका तो दूसरा गेट खुलवाकर गए कार्यालय….

IMG-20221223-WA0229.jpg

भिलाई नगर 23 दिसंबर 2022। नगर निगम भिलाई के सफाई कर्मियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। इसके विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने भिलाई निगम मुख्यालय में प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों में आक्रोश इतना था कि चिकन दुकान का कचरा लाकर निगम के मुख्य गेट पर फेंक दिया। यहां तक अफसरों को भी अंदर जाने नहीं दिया गया। अफसर दूसरे गेट से जाते दिखे। जोरदार प्रदर्शन के दौरान निगम के जिम्मेदार भी कुछ कहने से कतराते रहे।


बताया जा रहा है कि तीन माह से सफाई कर्मियों को वेतन नहीं दिया जा रहा है। वैशाली नगर जोन व गार्डन में काम करने वाले अलग अलग सफाई कर्मचारी वेतन नहीं मिलने से गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। इनके घरों का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और ठेकेदार इनका वेतन नहीं दे रहा है। प्रदर्शन कारी सफाई कर्मियों का कहना है कि ठेकेदार निगम से बिल पास नहीं होने का बहाना करता है और इस वजह से वेतन नहीं दे रहा है।


प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी काफी आक्रोशित दिख रहे थे। वेतन नहीं मिलने के कारण किसी ने बच्चे की फीस जमा नहीं किसी ने राशन नहीं लिया। सफाई कर्मियों को ब्याज पर कर्ज लेकर अपना घर चलाना पड़ रहा है और ठेकेदार चैन की नींद सो रहा है। गार्डन में काम करने वाले सफाई कर्मियों ने बताया कि उनका ठेकेदार युवराज सिंह है। उसने पिछले तीन माह से वेतन नहीं दिया है। वहीं वार्डों में सफाई करने वाले सफाई कर्मियों ने बताया कि उनका ठेकेदार बी वेंकट रमन है और उसने भी तीन माह से वेतन नहीं दिया है।


इधर इस मामले में भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास ने बताया कि सफाई कर्मियों का अक्टूबर तक का पेमेंट क्लीयर है। ठेकेदार को एक माह का एडवांस पेमेंट करना होता है यह उसकी जिम्मेदारी है। निगम से नियमानुसार ठेकेदार को भुगतान किया जाता है। नवंबर का पेमेंट करने के बाद ठेकेदार को निगम से भुगतान किया जाएगा। हमारे पास पूरा बैंक स्टेटमेंट हैं जिसमें ठेकेदार को भुगतान का रिकार्ड है।


scroll to top