APNA Adda कैफे संचालक निशांत महाराज की पिस्टल के साथ तस्वीर आई सामने.... - Steel City Online News Portal

APNA Adda कैफे संचालक निशांत महाराज की पिस्टल के साथ तस्वीर आई सामने….

IMG-20260222-WA1679.jpg

Apna Adda कैफे संचालक निशांत महाराज की पिस्टल के साथ तस्वीर आई सामने

रायपुर 22 फरवरी 2026:- राजधानी रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद शहर भर में आईपीएस अधिकारियों से लेकर एसीपी अधिकारियों का जमावड़ा लगातार लगा रहता है, लेकिन इसके बावजूद कुछ ऐसे अपराधी अब भी पुलिस को चुनौती देने के लिए तत्पर दिखाई दे रहे हैं। इस नए तरह के अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार सोशल मीडिया बन चुका है, जहां वे हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें वायरल करके पुलिस और आम जनता को चुनौती देते हैं।

तेलीबांधा थाना क्षेत्र से सामने आया नया मामला इस प्रवृत्ति का साफ उदाहरण है। सूत्रों के अनुसार, अपना अड्डा कैफे संचालक निशांत महाराज ने अपनी पिस्टल टेबल पर रखकर फोटो खिंचवाई और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। यह घटना पुलिस के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि इस तरह की हरकतें करना गंभीर अपराध है। चाहे तस्वीर वास्तविक हो या AI तकनीक से बनाई गई हो, इसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और आर्म्स एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

निशांत महाराज वही व्यक्ति हैं, जिनके खिलाफ शहर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने से पहले भी क्राइम डीएसपी के साथ नाइट गश्त में बदतमीजी करने का मामला दर्ज किया गया था। उस समय पुलिस ने निशांत और उनके भाई अंश महाराज को गिरफ्तार किया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि निशांत और अंश महाराज चिरमिरी से भागे हुए अपराधी हैं। ये दोनों रायपुर शहर में काले रंग की वर्ना कार में घूमते हैं और लोगों को पिस्टल दिखाकर लूटपाट जैसी हरकतों में लिप्त रहते हैं। उनकी यह प्रवृत्ति न केवल आम जनता के लिए खतरा है, बल्कि पुलिस के लिए भी चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है।

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें वायरल करना युवाओं और अन्य लोगों के लिए भी गलत उदाहरण पेश कर सकता है। पुलिस ने इसलिए डिजिटल निगरानी बढ़ा दी है और अपराधियों पर सतर्क नजर रखी जा रही है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र की पुलिस निशांत और अंश महाराज के खिलाफ छानबीन कर रही है। जांच के दौरान उनके सोशल मीडिया अकाउंट, फोन और वाहन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य है कि इस प्रकार के अपराधियों को शहर में अपनी नापाक हरकतें करने से रोका जाए और उन्हें जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाए।


scroll to top