भिलाई इस्पात संयंत्र ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग को नव विकसित खेल मैदान सौंपा
“भिलाई हमेशा समाज के सर्वांगीण विकास के लिये प्रयासरत रहा” — प्रशान्त तिवारी

भिलाई नगर 25 अक्टूबर 2025:-
भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के अंतर्गत शिक्षा और खेल को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग के खेल मैदान का पुनर्विकास कर उसे विद्यालय प्रशासन को सौंपा। विद्यालय परिसर में 25 अक्टूबर 2025 को आयोजित गरिमामय समारोह में मैदान का औपचारिक उद्घाटन और हस्तांतरण मुख्य अतिथि भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक (जनसंपर्क) प्रशान्त तिवारी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (सीएसआर) श्रीमती अपर्णा चंद्रा, सहायक महाप्रबंधक (जनसंपर्क) जवाहर बाजपेयी, उप प्रबंधक (सीएसआर) कमल कान्त वर्मा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग के प्राचार्य उमाशंकर मिश्रा, उप प्राचार्य श्रीमती पुष्पा बाड़ा, प्रधानाध्यापक डॉ. अजय आर्य, खेल प्रशिक्षक सुरेश कुमार, टीजीटी श्रीमती बिन्दु शिवराजन, कमल सोनी, मीनाक्षी चंद्राकर, अल्तमस सहित अन्य शिक्षकगण, विद्यालयीन स्टाफ एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि प्रशांत तिवारी ने विद्यालय परिसर में अनुशासन, स्वच्छता एवं शिक्षा के सकारात्मक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय आकर उन्हें अपने छात्र जीवन की मधुर यादें स्मरण आ गईं। उन्होंने अपने संबोधन में भिलाई इस्पात संयंत्र की सीएसआर गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि संयंत्र सदैव शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ ही अन्य सभी क्षेत्रों में योगदान देकर समाज के सर्वांगीण विकास लिए प्रतिबद्ध रहा है। “समृद्धि तब ही सार्थक है जब उसका लाभ समाज के साथ बाँटा जाए।“ भिलाई इस्पात संयंत्र इसी सोच के साथ कार्य करता है कि उसकी उपलब्धियों की रोशनी शिक्षा और विकास के हर कोने तक पहुँचे।”


बीएसपी वनांचल और परिधीय क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप विकास और सहयोग हेतु निरंतर प्रयास करता आ रहा है।
स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय के प्राचार्य उमाशंकर मिश्रा ने भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रति आभार व्यक्त किया। खेल मैदान के विकास से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट खेल अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व कौशल को बढ़ावा देने के साथ ही विद्यालय के सर्वागीण विकास में सहायक होगी। उन्होंने पौधा भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग के खेल मैदान के पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य महाप्रबंधक (सीएसआर) शिवराजन के मार्गदर्शन में पूर्ण किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यजनों ने मैदान के पुनर्विकास कार्य की सराहना की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिये अपनी शुभकामनाएँ दी। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक डॉ. अजय आर्य ने किया।


