छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी भाजपा की सरकार - प्रमोद कुमार00 कांग्रेस के भ्रष्टाचार की लंबी फेहरिस्त से उब चुकी है जनता......00 मोतिहारी बिहार के वरिष्ठ विधायक ने किया नीतीश राज के खात्मे का दावा..... - Steel City Online News Portal

छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी भाजपा की सरकार – प्रमोद कुमार
00 कांग्रेस के भ्रष्टाचार की लंबी फेहरिस्त से उब चुकी है जनता……
00 मोतिहारी बिहार के वरिष्ठ विधायक ने किया नीतीश राज के खात्मे का दावा…..

IMG_20230822_192422.jpg

भिलाईनगर 22 अगस्त 2023 / बिहार के पूर्व मंत्री और पांच बार के भाजपा से विधायक प्रमोद कुमार ने छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनने की बात दावे के साथ कही है। उन्होंने कहा की छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार की लंबी फेहरिस्त से उब चुकी है। छत्तीसगढ़ की तरह ही आने वाले चुनाव में बिहार में नीतीश कुमार सरकार का खात्मा होना तय है।स्टील सिटी आनलाइन” से चर्चा करते हुए आसन्न चुनाव में भाजपा से दुर्ग ग्रामीण विधानसभा की जिम्मेदारी संभालने पहुंचे बिहार से पहुंचे विधायक प्रमोद कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की विदाई तय है।

पूर्व मंत्री एवं बिहार के मोतिहारी विधानसभा से पांच बार के विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने अनेक घोटाले किए। कोल माइंस घोटाला और शराब घोटाला इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। नक्सली गतिविधियों पर भी सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। विकास का बस ढिंढोरा पीटा जा रहा है। धरातल पर विकास नजर नहीं आ रहा है।

कांग्रेस के भ्रष्टाचार से छत्तीसगढ़ की जनता उब चुकी है और विधानसभा चुनाव में भाजपा को फिर से मौका देने का मन बना लिया है। छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनाने में सफल होगी।


विधायक प्रमोद कुमार ने बिहार को लेकर चर्चा में बताया कि जब तक भाजपा सरकार में भागीदार थी तब तक अपराधों पर नियंत्रण लगा रहा। लेकिन अब बिहार में अपराधी तत्वों की सक्रियता उफान पर है। आरजेडी बिहार में अपराध की जन्मदाता है। मोतिहारी अपहरण का केन्द्र बिन्दु बन गया है।

भ्रष्टाचार चरम पर है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की तरह बिहार में नीतीश सरकार का खात्मा होना तय है। देश में ही नहीं विदेशों में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव बना हुआ है और लोग उन्हें पसंद कर रहे हैं। इसलिए छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनाने में सफल रहेगी।


आरएसएस के सक्रिय प्रशिक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड, ओडिशा, बिहार और गुजरात के 56 भाजपा विधायक आए हुए हैं।

सभी विधायक 29 अगस्त तक रहकर अपने – अपने प्रभार वाले विधानसभा में चुनावी रुपरेखा और रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे। 29 को वापसी के बाद दूसरे प्रदेशों से भाजपा विधायकों की दूसरी टीम आएगी।

फिलहाल दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में भाजपा का परचम लहराने के लिए स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों के साथ हर पहलूओं पर चर्चा करते हुए चुनावी रणनीति तय किया जाएगा। दुर्ग ग्रामीण प्रवास के दौरान मोतिहारी के विधायक प्रमोद कुमार आज सुबह-सुबह सिविक सेंटर स्थित चाय के ठीहे पर पहुंचे थे जहां उनकी मुलाकात गुड मॉर्निंग एसोसिएशन के सदस्यों के साथ हुई और उन्होंने काफी देर तक बिहार की राजनीति और छत्तीसगढ़ की राजनीति के संबंध में उपस्थित लोगों से चर्चा करते हुए अपना अनुभव शेयर किया इस दौरान उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता खुर्शीपार निवासी राजू श्रीवास्तव भी साथ में थे।

मोतिहारी से भाजपा के विधायक प्रमोद कुमार अपना राजनीतिक व सामाजिक सफर आरएसएस में एक स्वयंसेवक के रूप में शुरू किया था। 2005 में पहली बार मोतिहारी से विधायक बने थे।

विधायक प्रमोद कुमार ने अपना राजनीतिक व सामाजिक सफर आरएसएस के एक स्वयंसेवक के रूप में शुरू किया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में बाल स्वयंसेवक प्रमोद कुमार ने छात्र जीवन में विद्यार्थी परिषद की भी विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और फिर बाद में भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय हो गए।

भाजपा में जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष भी बने। प्रमोद कुमार 2005 के फरवरी में पहली बार मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वे इसके बाद से लगातार जीतते रहे।

विधायक प्रमोद कुमार के पिताजी स्वर्गीय योगेंद्र प्रसाद भी छात्र जीवन में जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति से जुड़े रहे। इस दौरान वे जेल भी गए थे। 59 वर्षीय प्रमोद कुमार ने स्नातक विधि शास्त्र की डिग्री भी हासिल की है।

वे यहां अधिवक्ता भी रहे हैं। प्रमोद कुमार संघर्षशील, सहज और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति माने जाते हैं। यही कारण है कि तमाम अंतर्विरोध के बाद भी प्रमोद कुमार मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र से लगातार चुनाव जीते रहते हैं।

श्री कुमार पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री सह स्थानीय सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह के निकट बताए जाते हैं। प्रमोद कुमार के संयुक्त परिवार में पत्नी सुषमा देवी एक पुत्र और तीन पुत्री है।


scroll to top