दुर्ग निगम से भाजपा की विद्यावती सिंह निर्विरोध पार्षद निर्वाचित
00 प्रत्याशी के नाम वापस लेने से कांग्रेस को लगा जोर का झटका
दुर्ग 30 जनवरी 2025:- नगर निगम चुनाव में मतदान से पहले ही भाजपा की जीत का खाता खुल गया है। यहां वार्ड क्रमांक 21 से भाजपा की पार्षद प्रत्याशी विद्यावती सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। भाजपा के लिए यह सुखद परिणाम यहां की कांग्रेस प्रत्याशी मीरा सिंह के नाम वापसी से मिला है। इसके साथ ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल बन पड़ा।





दुर्ग नगर निगम चुनाव में आज कांग्रेस पार्टी के लिए उस वक्त हास्यास्पद स्थिति निर्मित हो गई जब वार्ड क्रमांक 21 से घोषित अधिकृत प्रत्याशी मीरा सिंह ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इसके साथ ही भाजपा की विद्यावती सिंह निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हो गई।



महिला आरक्षित इस वार्ड से भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के अलावा अन्य किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया था। नाम वापसी का आज अंतिम दिन था। इस बीच कांग्रेस प्रत्याशी के अप्रत्याशित कदम से पार्टी के बड़े नेता आश्चर्यचकित रह गए हैं। निर्विरोध पार्षद निर्वाचित विद्यावती सिंह निवृतमान पार्षद अरुण सिंह की माता हैं।
