भिलाई नगर 05 जनवरी,2025:- भाजपा अध्यक्ष को लेकर जारी सस्पेंस रविवार को दोपहर में खत्म हो जाएगा। रविवार दोपहर बंद लिफाफा खोला जाएगा। उसमें से भिलाई व दुर्ग भाजपा के जिला अध्यक्ष का नाम बाहर निकलेगा। इसे लेकर दावेदारों में बड़ी बेचैनी है। दावेदार एक दूसरे से पूछ रहे हैं कि आखिर बन कौन रहा है, हमारा नंबर है कि नहीं। तमाम सवालों का कल दोपहर तक राजफाश हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष के पद पर पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति को अध्यक्ष बनना तय है पिछड़ा वर्ग में भी उसे वर्ग से जिस वर्ग से आज तक भिलाई जिला भाजपा में कोई अध्यक्ष नहीं बना है उसे व्यक्ति को नाम लिफाफे में कैद है बताया जाता है कि भिलाई जिला भाजपा का अध्यक्ष जिसे बनाया जा रहा है वह व्यक्ति पूर्व में भी जिला भाजपा में वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दे चुका है भाजपा के जानकारों का कहना है कि भिलाई दुर्ग में भाजपा अध्यक्ष रिपीट नहीं किया जा रहा है। लिफाफा खोलने के पहले तमाम अटकलें शहर में चल रही है किंतु भाजपा के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष पद के इस दौर में उसे व्यक्ति को ताज पहनाया जा रहा है जिसे पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय और वर्तमान में वैशाली नगर विधायक का समर्थक बताया जा रहा है भिलाई जिला भाजपा का अध्यक्ष किसी समय पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय के खास समर्थक बताए जाते थे।


भिलाई जिले से पुरुषोत्तम देवांगन, महेश वर्मा और नटवर ताम्रकार , बसंत प्रधान के नाम पैनल में बताए जाते हैं। इसी तरह से दुर्ग से कांतिलाल बोथरा, सुरेंद्र कौशिक और कांतिलाल जैन का नाम शामिल है।






बता दें कि 23 दिसंबर को मंडल अध्यक्षों की घोषणा हुई थी। उसके बाद से लगातार यह कहा जा रहा था कि दो से तीन दिन के भीतर जिला अध्यक्ष की भी घोषणा कर दी जाएगी, पर दावेदारों की बढ़ती भीड़ और बड़े नेताओं के दबाव के चलते संगठन निर्णय नहीं ले पा रहा था। इसलिए ये कहा गया कि जिला अध्यक्षों का फैसला अब दिल्ली से होगा। इसलिए दावेदार भी इंतजार में खामोश बैठ गए। इधर घोषणा को लेकर तारीख पर तारीख वाली स्थिति बन रही थी। बेचैनी भी बढ़ती जा रही थी। सब एक दूसरे को टटोल रहे थे कि आखिर किसका नाम तय होगा और कब होगा।




भिलाई में प्रेमप्रकाश, सरोज, बघेल, रिकेश, दुर्ग में सरोज व संगठन की अपनी पसंद
राजनीतिक गलियारों में चर्चा के मुताबिक भिलाई शहर जिलाध्यक्ष के लिए प्रमुख पांच नाम है। प्रेमप्रकाश पांडेय खेमे से बसंत प्रधान और सरोज पांडेय के गुट से नटवर लाल ताम्रकार का नाम लिया जा रहा है, विजय बघेल गुट से वर्तमान अध्यक्ष महेश वर्मा का नाम सामने आ रहा है पुरुषोत्तम देवांगन वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की पसंद बताए जा रहे हैं। वहीं दुर्ग में सुरेंद्र कौशिक को संगठन और संघ का पूरा समर्थन बताया जा रहा है। सरोज खेमे से कांतिलाल बोथरा का नाम है।


ओबीसी व सामान्य वर्ग की राजनीति
वरिष्ठ नेता अपने समर्थक की ताजपोशी के लिए जितना भी जोर लगा ले, मगर जिलाध्यक्षों के चयन में संगठनात्मक दायित्व और अनुभव के साथ-साथ सबसे महत्वपूर्ण फैक्टर जाति का भी रहेगा। चर्चा है कि अगर दुर्ग में ओबीसी वर्ग को संगठन की बागडोर सौंपी जाती है तो भिलाई में सामान्य वर्ग से चेहरा हो सकता है। यही समीकरण ठीक उलटा भी हो सकता है। यदि भिलाई में ओबीसी तो दुर्ग में सामान्य वर्ग से प्रतिनिधित्व मिल सकता है।
बता दें कि भिलाई व दुर्ग से तीन तीन नामों की चर्चा है। अब इन तीन नामों में से एक नाम कौन होगा यह रविवार को पता चलेगा। शनिवार को भाजपा भिलाई जिले के चुनाव सह अधिकारी रेखराम बंछोर व खिलावन साहू ने एक सूचना जारी कर बताया कि रविवार दोपहर 1बजे जिला चुनाव अधिकारी गौरी शंकर अग्रवाल व जिला चुनाव पर्यवेक्षक अनुराग सिंह देव द्वारा भिलाई जिला भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

