निगम के सफाई कर्मचारी की नृशंस हत्या…. पदुम नगर में श्रीराम सिटी के पीछे खाली प्लाट में मिली लाश…. हत्या की वजह और हत्यारे का कोई सुराग नहीं

IMG-20250619-WA0930.jpg

निगम के सफाई कर्मचारी की नृशंस हत्या
** पदुम नगर में श्रीराम सिटी के पीछे खाली प्लाट में मिली लाश
** हत्या की वजह और हत्यारे का कोई सुराग नहीं


भिलाई नगर  19 जून 2025:-  तेजधार हथियार से गला रेतकर एक युवक की हत्या की वारदात हुई है। भिलाई-3 के पॉश कॉलोनी पदुम नगर में खाली प्लाट पर आज युवक की रक्तरंजित लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुक्ता सिनेमा के पास अटल आवास निवासी हितलेश कुमार मारकंडे पिता उधो मारकंडे ( 37 वर्ष ) के रूप में की गई है।

मृतक भिलाई – चरोदा नगर निगम में प्लेसमेंट पर सफाई कर्मचारी था। फिलहाल हत्या की वजह और हत्यारे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। भिलाई-3 पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।


मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने आज सुबह पदुम नगर में श्रीराम सिटी आवासीय परिसर के पीछे खाली प्लाट पर खून से सनी लाश देखी। सूचना पर एएसपी शहर सुखनंदन राठौर, सीएसपी छावनी हरीश पाटिल और भिलाई-3 थाना प्रभारी निरीक्षक अम्बर सिंह भारद्वाज दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर में फारेंसिक टीम ने भी पहुंचकर लाश और घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया। तब तक मृतक की पहचान मुक्ता सिनेमा के पास अटल आवास भिलाई-3 निवासी कमलेश कुमार मारकंडे के द्वारा अपने भाई हितलेश कुमार मारकंडे के रूप में की जा चुकी थी।


मृतक हितलेश के शरीर पर बस लोवर है। ऊपर का बदन बिना कपड़े का था। उसके गले में किसी तेजधार हथियार से चार बार वार किए जाने का निशान है। इससे निकला खून शरीर में फैलकर सूख गया था। फारेंसिक टीम को जांच के दौरान मृतक के गले में प्रहार वाले जगह से कांच का टुकड़ा मिला है। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि शराब की बोतल तोड़कर गले में वार किया गया है।


बताया जा रहा है कि हितलेश नगर निगम भिलाई – चरोदा में प्लेसमेंट पर सफाई कर्मचारी था। बुधवार को वह सुबह से शराब पीने के चलते काम पर नहीं गया था। भाई कमलेश के मुताबिक दो दिन पहले हितलेश का किसी लड़की के चलते पत्नी के साथ विवाद हुआ था। जिसके बाद से वह परेशान नजर आ रहा था। फिलहाल पुलिस हत्या के इस मामले को सुलझाने के लिए मृतक के परिजनों से पूछताछ कर सुराग तलाशने में जुटी हुई है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि वह लड़की कौन है जिसके चलते हितलेश और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ।


scroll to top