बीएसएफ जवानों ने की युवती से छेड़खानी
00 नीली बत्ती लगी गाड़ी में मिली देशी – विदेशी शराब
00 सुपेला पुलिस ने किया तीन के खिलाफ अपराध कायम

भिलाई नगर-10 मार्च 2025:- सुपेला थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम को बीएसएफ के दो जवानों ने एक युवती से छेड़छाड़ की और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक की नजर पड़ी। उसने युवती को बचाने का प्रयास किया तो दोनों ने खुद को पुलिस अफसर बताया। इनकी नीली बत्ती लगी गाड़ी में देशी व विदेशी शराब की बोतलें मिली है। मामले में सुपेला पुलिस ने वाहन चालक सहित बीएसएफ के दोनों जवानों को हिरासत में लेकर युवती से छेड़छाड़ और धमकी देने का अपराध कायम कर लिया है।.


आरोपियों में राहुल राठौर, ढाल सिंह एवं एक अन्य है।
यह शनिवार शाम सुपेला थाना क्षेत्र के भेलवा तालाब के पास का है। युवती के साथ नीली बत्ती लगी गाड़ी में सवार युवकों द्वारा की जा रही छेड़छाड़ और उसे जबरदस्ती गाड़ी में बिठाकर कहीं ले जाने की हो रही कोशिश को देख एनएसयूआई से ताल्लुक रखने वाले युवक सुखसोनी ने अपने एक साथी को बुलाया और कुछ देर बाद यातायात के सिपाही भी मौके पर पहुंच गए और दोनों को यातायात टॉवर ले गए। युवती से छेड़छाड़ करने वाले युवक बीएसएफ के जवान हैं। युवती को बचाने वाले दोनों युवक एनएसयूआई के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। सुपेला क्षेत्र में पार्क के पास दो व्यक्ति एक लड़की को अपनी गाड़ी में जबरन बिठा रहे थे। वहां से गुजर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ता सुखसोनी ने पास जाकर युवती को उनसे छुड़ाने का प्रयास किया। इस पर दोनों ने खुद को पुलिस विभाग के टीआई व उससे भी बड़े पद का बताया और उसे अपना नाम पता देकर भाग जाने कहा। इसके बाद सुखसोनी ने अपने साथी को बुला लिया।
इस दौरान वहां ट्रैफिक के दो सिपाही भी पहुंच गए। एएसपी ऋचा मिश्रा के निर्देश पर दोनों को ट्रैफिक टावर नेहरू नगर ले जाया गया। इसके बाद आरोपियों को सुपेला पुलिस को बुलाकर हैंडओवर कर दिया गया। सुपेला पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बीएसएफ के जवान हैं और इनका हेडक्वार्टर कांकेर है। जिस गाड़ी में वो नीली बत्ती लगी गाड़ी में दोनों घूम रहे थे। जांच के दौरान गाड़ी के अंदर देशी और विदेशी शराब की बोतल सहित कोल्ड ड्रिंक्स भी मिला है। दोनों जवान नशे में धुत थे और बताया जा रहा है कुछ और लड़कियों को भी रोक कर पूछताछ कर रहे थे। चूंकि नीली बच्ची लगी गाड़ी में दोनों थे इसलिए किसी ने शिकायत नहीं की। फिलहाल सुपेला पुलिस इनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।







