सेवानिवृत्ति पर बीएसपी प्रबंधन ने दी भावभीनी विदाई
भिलाई नगर 01 अक्टूबर 2025:- भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा से सितंबर 2025 माह में कुल 76 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिसमें खदान बिरादरी के सदस्यों सहित 10 कार्यपालक व 66 गैर-कार्यपालक शामिल हैं। सितंबर माह में सेवानिवृत्त हो रहे 10 कार्यपालको में जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र के कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. एम. रविंद्रनाथ तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. सौरव मुखर्जी भी शामिल हैं।

महाप्रबंधक स्तर तक के कार्यपालकों हेतु विदाई समारोह का आयोजन इस्पात भवन स्थित निदेशक प्रभारी सभागार में 29 सितंबर 2025 को किया गया। निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने कार्यपालकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ एवं सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यपालकों हेतु आयोजित विदाई समारोह में निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों से आत्मीय संवाद कर संयंत्र के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उनके अनुभव और सुझाव आमंत्रित किए, जिन पर निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशकों ने विस्तार से चर्चा की। सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों ने अपने कार्यकाल की यात्रा साझा करते हुए अनुभवों एवं विचारों को व्यक्त किया।

निदेशक प्रभारी ने कहा कि “हम सब एक परिवार हैं, आप सबके महत्वपूर्ण सुझाव भविष्य में विकास के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे, हम निश्चित ही और बेहतर करेंगे।” कार्यपालक निदेशकों ने अंत में सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों को जीवन के नए पड़ाव के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं।

30 सितंबर 2025 को भिलाई निवास में आयोजित समारोह में संयंत्र के गैर-कार्यपालकों को भावभीनी विदाई दी गई। भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन-गैर संकार्य) जे. एन. ठाकुर और उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन-एससीसीए) राजेंद्र प्रसाद ने कार्मिकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किया। संयंत्र प्रबंधन ने विदा होने वाले इस्पात बिरादरी के सदस्यों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।



