नौ दिनों तक चलने वाले देवी आराधना का चैत्र नवरात्रि शुरू
00 देवी मंदिरों में की गई मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित
00 प्रथम दिवस देवी दर्शन और पूजा अर्चना के लिए मची होड़


भिलाई नगर 30 मार्च 2025:- देवी आराधना का चैत्र नवरात्रि पर्व आज से शुरू हो गया है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व के पहले दिन आज भिलाई -दुर्ग के विभिन्न मंदिरों में विधि विधान से शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ ज्योति कलश प्रज्वलित की गई। देवी भक्तों में आज नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में पहुंचकर देवी दर्शन और पूजा अर्चना करने होड़ सी मची रही। वहीं आज से शुरू हो रहे हिंदू नववर्ष की लोगों ने एक दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं दी।








भिलाई टाउनशिप में सेक्टर 6 स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर, सेक्टर 7 में महाराणा प्रताप भवन के आदिशक्ति मां जगदम्बा मंदिर, सेक्टर 1 के शारदा माता मंदिर, सेक्टर 9 हॉस्पिटल परिसर में संकटमोचन हनुमान मंदिर में विराजित मां अंबे, पावरहाउस चौक के राजराजेश्वरी मंदिर, केम्प 2 शीतला मंदिर, सुपेला के शीतला मंदिर, खुर्सीपार के दुर्गा मंदिर सहित भिलाई-3 में ग्राम देवी शीतला व महामाया सहित अन्य देवी मंदिरों में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जवलित किया गया। इसके साथ ही देवी दर्शन और पूजन के लिए भक्तों की भीड़ इन मंदिरों में उमड़ने लगी है। सुबह से ही देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। मंदिरों में विराजित देवी प्रतिमाओं को नवरात्रि पर्व के चलते विशेष श्रृंगार अर्पित किया गया है। अब पूरे 9 दिनों तक माता की भक्ति में लोग लीन रहेंगे।



दूसरी ओर हिन्दू नव वर्ष भी आज के ही दिन से प्रारंभ होता है। इसका भी लोगों ने स्वागत किया व अपने-अपने आराध्य के चरणों में मत्था टेककर मंगल कामना की। शहर सहित समीप के ग्रामीण क्षेत्र की देवी मंदिरों में नवरात्रि की विशेष आराधना शुरू हो गई है। नवरात्रि के नौ दिन माता दुर्गा के नौ रूपों शैलपुत्री, ब्रम्हचारणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि और महागौरी के स्वरूपों की उपासना के दिन माने जाते हैं।



00 मंदिरों में की गई विशेष तैयारी
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर रविवार को सुबह शुभ मुहूर्त पर घटस्थापना की गई। इसके साथ ही देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इसके लिए मंदिरों में पहले से ही विशेष तैयारी कर ली गई थी। पखवाड़े भर से मंदिरों में रंग-रोगन के साथ नवरात्रि की व्यवस्था बनाने की तैयारी की जा रही थी। नवरात्रि के साथ ही देवी भक्ति का महापर्व शुरू हो गया है। अब पूरे नौ दिनों तक लोगों की आस्था चरम पर रहेगी। देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। नवरात्रि के पहले ही दिन से जसगीत व भजन-कीर्तन की गूंज सुनाई देने लगी है। पर्व के दौरान अनेक धार्मिक आयोजन होंगे। शहर व अंचल के सभी देवी मंदिरों में ज्योति कलश के रूप में आस्था के दीप जगमगाने लगे हैं।


