उदीयमान सूर्य देव को अर्ध्य देकर छठ महापर्व का समापन
00 ट्विन सिटी के तालाबों में अल सुबह उमड़ा आस्था का जनसैलाब
00 जनप्रतिनिधियों ने व्रती परिवारों से मिलकर दी बधाई
भिलाई नगर 28 अक्टूबर 2025:- इस्पात नगरी भिलाई में छठ पर्व को बड़े धूमधाम से मनाया गया। आज सुबह व्रती महिलाओं ने उगते हुए सूर्य देव को अर्ध्य देने के बाद उनकी और छठी मैया की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया। इस दौरान इस्पात नगरी और समीपस्थ भिलाई-3, चरोदा, कुम्हारी और जामुल की तालाबों पर बीते शाम की तरह अल सुबह आस्था का जनसैलाब उमड़ा रहा। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने तालाबों पर पहुंचकर व्रती परिवारों से मुलाकात कर पर्व की बधाई दी।

बता दें बिहार, उत्तर प्रदेश व झारखंड के इस लोक आस्था के छठ महापर्व को भिलाई-दुर्ग में पूरे पारम्परिक उल्लास के साथ मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत 25 अक्टूबर को नहाय खाय विधान से हुई। 26 अक्टूबर की शाम खरना की रस्म के बाद व्रती महिलाओं का निर्जला उपवास शुरू हुआ। यह व्रत कुल 36 घंटे का था। जिसे व्रती महिलाओं ने आज द्वितीय अर्ध्य देकर छठ पूजा के समापन के बाद व्रत खोला। यह पर्व बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड राज्य में बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। भिलाई -दुर्ग सहित आसपास के इलाके में लाखों की संख्या में व्रती महिलाओं ने जगह-जगह तालाबों घाट पर अपनी आस्था की उपस्थिति दर्ज करवाई।

भिलाई टाउनशिप के सेक्टर 2, सेक्टर 7 सहित जवाहर उद्यान तालाब में बड़ी संख्या में व्रत धारी और उनके परिजन आज भोर होने से पहले ही उदय होते सूर्य देव को अर्ध्य देने जुटे थे। शहर के हुडको, नेहरू नगर, कोहका, कुरुद, सुपेला, रामनगर, केम्प, खुर्सीपार, रिसाली, मरोदा के तालाबों पर भी छठ पूजा के चलते रौनक देखते बनी।



भिलाई-3 के गतवा और बंधवा तालाब सहित चरोदा में बस्ती तालाब व रेलवे कालोनी तालाब में श्रृद्धालुओं ने सूर्यदेव को द्वितीय अर्ध्य देकर व्रत का समापन किया। कुम्हारी के बड़े तरिया सहित डीएमसी तालाब, जंजगिरी तालाब और कुगदा तालाब में श्रृद्धा और आस्था के साथ छठ मनाया गया। जामुल में शीतला तालाब, मशुरिया और लक्ष्मण तालाब में छठ व्रती और उनके परिजनों की खासी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने एक दूसरे को छठ पर्व की बधाई दी और पारम्परिक पकवान ठेकुआ का प्रसाद वितरण किया।





