कोई भी परियादी थाने से न लौटे मायूस : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल… कानून व्यवस्था, अपराधों की विवेचना में ढिलाई बर्दाश्त नहीं…
भिलाई नगर 24 अप्रैल 2025:- पुलिस थाने और चौकियों में परियादियों की परियाद सुनी जाए। उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता व गंभीरता से लिया जाए। कोई भी परियादी वहां से मायूस न लौटे जो काम थाना चौकी स्तर का है उसके लिए लोगों को सीएसपी व एसपी कार्यालय का चक्कर काटना मत पड़े। यह उनकी प्राथमिकता होगी बेसिक पुलिसिंग पर उनका फोकस रहेगा कानून व्यवस्था अपराधों की विवेचना में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी ये बातें नवपदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने दुर्ग जिले का पदभार ग्रहण करने के उपरांत आज सुबह पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर 6 में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि है आरक्षक से लेकर एसपी तक अगर खुद को इसके लिए तैयार रखते हैं तभी बेहतर पुलिसिंग संभव है। इसके लिए हमें आमजन का सहयोग भी जरूरी है। बेहतर काम करने वाले पुलिस कर्मचारियों को इनाम और खराब काम करने वालों को सजा मिलेगी। साइबर क्राइम रोकने भी अमले को चुस्त किया जाएगा। हाइवे पेट्रोलिंग और पुलिस गश्त को चुस्त किया जाएगा। इस पर सतत निगरानी रखी जाएगी। लंबित मामलों के निराकरण पर जोर दिया जाएगा।
महादेव सट्टा ऐप मामले में कार्रवाई और उसमें पुलिस वालों की संलिप्तता को लेकर एसएसपी ने कहा कि, केवल महादेव सट्टा ही नहीं जितने भी ऑनलाइन सट्टा गेम हैं, वो सभी अवैध हैं। पुलिस न सिर्फ खेलने वाले बल्कि उसकी आईडी चलाने वालों पर भी कार्रवाई करेगी। ऑनलाइन सट्टा में पुलिस की संलिप्तता को लेकर उन्होंने कहा कि, वो सभी पर नजर रखे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि समय के साथ कई तरह के अपराध हो रहे हैं इन पर नियंत्रण की चुनौती तो है मगर इस चुनौती को स्वीकार कर हम अपराध नियंत्रण की दिशा में पूरी मेहनत से काम करेंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि, सूखा नशा काफी तेजी बढ़ा है। दुर्ग पुलिस उस पर अच्छा काम कर रही है। उनका सूखा नशा रोकने पर विशेष फोकस होगा। इसे लेकर विशेष टीम बनाकर टीम इस पर कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा इसमें चाहे पुरुष हो या महिला जो भी शामिल पाया जाएगा, पुलिस एक समान रूप से कार्रवाई करेगी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिलाई दुर्ग शहर सुखनंदन राठौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक झा भी उपस्थित थे।



