श्री शंकराचार्य महाविद्यालय जनवाणी, भिलाई के कला संकाय द्वारा संविधान दिवस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजित

भिलाई नगर 29 नवंबर 2025:- श्री शंकराचार्य महाविद्यालय जनवाणी, भिलाई के कला संकाय द्वारा संविधान दिवस गरिमामय रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता, सम्मान तथा राष्ट्रीय कर्तव्यों की समझ विकसित करना था।

विद्यार्थियों के लिए संसद भवन से संविधान दिवस की शपथ का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम से सीधे जुड़े और संविधानी मूल भावना को और अधिक नजदीक से समझा सके।
प्राचार्य डॉ. अर्चना झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान राष्ट्र की लोकतांत्रिक आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे संविधान में निहित मूल्यों-न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को अपने व्यक्तित्व और व्यवहार में अपनाएँ।
उन्होंने यह भी कहा कि संविधान का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक और राष्ट्रीय दायित्व है, और युवा पीढी राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है।
डीन अकैडमिक डॉ. जे. दुर्गा प्रसाद राव ने संविधान को एक जीवंत, प्रगतिशील और समावेशी दस्तावेज बताते हुए कहा कि इसका अध्ययन विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनाता है।
उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मूल कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करें तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु सदैव तत्पर रहें।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की शपथ विभागाध्यक्ष डॉ. जयश्री वाकणकर द्वारा दिलाई गई। शपथ में छात्रों को संविधान की रक्षा, उसके आदर्शों का पालन तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में कला संकाय के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




