पार्षद अनूप डे ने किया राजस्व विभाग की खामियों को उजागर…. विभागीय मंत्री टंक राम वर्मा को सौंपा ज्ञापन….

IMG-20251030-WA0957.jpg

पार्षद अनूप डे ने किया राजस्व विभाग की खामियों को उजागर
00 विभागीय मंत्री टंक राम वर्मा को सौंपा ज्ञापन


भिलाई नगर 03 नवंबर 2025 / रिसाली निगम वार्ड क्रमांक 30 के पार्षद अनूप डे ने छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा को भिलाई दुर्ग प्रवास के दौरान ज्ञापन सौंपकर राजस्व विभाग की खामियों के उजागर किया है। अनूप डे ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि वर्तमान में छ.ग. शासन द्वारा विगत कुछ वर्षों से छोटे प्लाटों की रजिस्ट्री किये जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिस कारण से यदि आम जनता को पारिवारिक या किसी अन्य कारण से रकम की आवश्यकता होने पर अपनी जमीन में से कोई टुकड़ा बेचकर अपनी आवश्यकता पूरी करनी पड़े तो उक्त प्रतिबंध के कारण वह पूरी नहीं हो पायेगी। जिसके चलते आम जनता को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जिसके चलते मजदूर वर्ग के लोगों को अपना स्वयं का घर बनाने का सपना भी भविष्य में अधूरा होता दिख रहा है। इसके अतिरिक्त छ.ग. शासन द्वारा वर्तमान में जमीन की रजिस्ट्री उपरांत ऋण-पुस्तिका प्रदाय करना भी वर्तमान में बंद कर दिया है, जिसके चलते रजिस्ट्री होने के पश्चात ऑन लाईन ही क्रेता का नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज हो जाता है। उक्त प्रक्रिया में पटवारी द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया जाता है।

जिससे इस बात की पुष्टि नहीं हो पाती है कि विक्रेता द्वारा जो जमीन क्रेता को विक्रय की जा रही है, वह उसी की है या नहीं। जबकि पूर्व में प्रमाणीकरण किये जाने के पूर्व पटवारी प्रतिवेदन आहूत कर उक्त बाबत् जानकारी ली जाती थी, जिसका वर्तमान में अभाव है। जिसके चलते वर्तमान एवं भविष्य में आम जन को काफी असुविधा हो रही है, जिसका फायदा भू-माफिया द्वारा मिलीभगत कर, पुनः उसी प्लाट की रजिस्ट्री करा दी जाती है, जिसकी रजिस्ट्री पूर्व में की जा चुकी है। जिससे आम जनता में वाद-विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है।


उन्होंने बताया कि छ.ग. शासन द्वारा वर्तमान में 2200 वर्गफीट से कम वर्गफीट के प्लाट का सीमांकन करने की प्रक्रिया भी बंद कर दी है। जिस कारण वर्तमान में यदि किसी व्यक्ति कानूनी कार्यवाही हेतु या अन्य कारणों से अपने प्लाट की चौहद्दी की जानकारी चाहिए है तो उसे उक्त सीमांकन प्रक्रिया बंद होने के कारण अपने प्लाट की सीमा की सही जानकारी प्राप्त नहीं हो रही है। जिसके चलते आम जनता को काफी समस्याओं का सामान करना पड़ रहा है। उन्होंने मंत्री श्री वर्मा से करबद्ध प्रार्थना किया है कि आम जनता की उक्त समस्याओं को आपके सामने पारदर्शिता पूर्वक रखकर आपसे निवेदन किया जा रहा है उक्त समस्याओं का समाधान कर, आम जनता को लाभ पहुंचाने की कृपा करें।


scroll to top