भिलाई नगर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएँ बढ़ाने लक्ष्मीपति राजू, पार्षद एवं अध्यक्ष खाध स्वास्थय एवं स्वच्छता विभाग ने सौंपा ज्ञापन, टिकट आरक्षण केंद्र व ई-लाइब्रेरी की मांग, विधायक देवेंद्र यादव ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

भिलाई नगर23 जनवरी 2026:- भिलाई नगर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर विधायक देवेंद्र यादव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने बिलासपुर रेलवे जोन के महाप्रबंधक तथा रायपुर रेलवे मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को भी पत्र प्रेषित किया है।

विधायक श्री यादव ने आगामी रेल बजट वित्तीय वर्ष 2026-27 में भिलाई नगर रेलवे स्टेशन पर टिकट आरक्षण केंद्र एवं ई-लाइब्रेरी की स्थापना की मांग की है, ताकि यात्रियों एवं विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू ने सौंपा मांग पत्र
इस संबंध में सेक्टर-07 के पार्षद एवं महापौर परिषद (एमआईसी) के स्वच्छता विभाग के अध्यक्ष श्री लक्ष्मीपति राजू ने विधायक श्री देवेंद्र यादव को मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे लाइन के किनारे स्थित भिलाई नगर रेलवे स्टेशन का उपयोग भिलाई टाउनशिप, रिसाली, मरोदा, नेवई, उतई सहित दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ एवं अन्य महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा कर्मचारी एवं व्यापारी बड़ी संख्या में करते हैं।

टिकट आरक्षण सुविधा के अभाव से यात्रियों को परेशानी
पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्री लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि भिलाई नगर रेलवे स्टेशन पर टिकट आरक्षण केंद्र न होने के कारण यात्रियों को दुर्ग अथवा पावर हाउस स्टेशन जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय, धन एवं असुविधा का सामना करना पड़ता है। साथ ही भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत देश के विभिन्न राज्यों से आए कर्मचारी भी रेल यात्रा के लिए इसी स्टेशन पर निर्भर हैं, जिन्हें आरक्षण सुविधा के अभाव में व्यवहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

विद्यार्थियों के लिए ई-लाइब्रेरी की आवश्यकता
पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू ने कहा कि भिलाई की पहचान प्रदेश व देश में शिक्षा नगरी के रूप में है। यहां विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग संस्थाएं संचालित हैं, जहां बड़ी संख्या में युवा अध्ययनरत हैं। कई बार ट्रेनों के विलंब से छात्र-छात्राओं को लंबे समय तक प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करनी पड़ती है। यदि रेलवे स्टेशन पर ई-लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध हो जाती है, तो विद्यार्थी इस समय का सकारात्मक एवं शैक्षणिक उपयोग कर सकेंगे।
जनहित का विषय बताते हुए विधायक ने रखी मांग
विधायक श्री देवेंद्र यादव ने इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए रेल मंत्री को पत्र लिखकर भिलाई नगर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को सीधा लाभ मिल सके।



