भिलाई नगर 03 फरवरी 2025:- शहर में छावनी थाना अंतर्गत कैंप 2 के शीलता कांप्लेक्स में सोमवार तड़के दो दुकानों में चोरों शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने काम्प्लेक्स के मोबाइल शॉप और जर्दा शॉप को निशाना बनाया। मोबाइल शॉप से 70 से अधिक महंगे मोबाइल और मोबाइल एसेसरीज चोरी हुआ है। जबकि जर्दा दुकान के गल्ले में रखे पांच हजार रुपए की चोरी हुई है। छावनी पुलिस मामले की जांच कर रही है

मोबाइल शॉप संचालक शिवम गुप्ता ने बताया कि शीतला कांप्लेक्स में उनकी बागेश्वर मोबाइल शॉप के नाम से दुकान है। रविवार को वह रोज की तरह रात में दुकान बंद करके घर गया था। सुबह उसके पास उसके स्टॉफ का फोन आया कि दुकान का शटर खुला हुआ है। वह तुरंत अपने पापा के साथ दुकान पहुंचा और देखा कि दुकान के शटर को उठाकर उसमें लकड़ी का बड़ा टुकड़ा लगाया गया है। शिवम तुरंत छावनी थाने पहुंचा और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। छावनी पुलिस तुंरत मौके पर पहुंची।



जांच के दौरान काम्प्लेक्स से कुछ दूर गंदगी वाली जगह में चोरी गए मोबाइल के डिब्बे पड़े मिले। सभी डिब्बों से मोबाइल फोन गायब था। वहां कुछ मोबाइल एसेसरीज भी पड़ी थी। पुलिस सभी डब्बों को जब्ती बनाकर थाने लाई। उनका आईईएमआई नंबर नोट किया जा रहा है। पुलिस का कहना है इसके जरिए वह चोरों तक पहुंचने में आसानी होगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।



इसके बाद चोरों ने रेवापुरी जर्दा सेंटर में चोरी की है। यहां चोरों को कुछ भी सामान चुराने लायक नहीं मिला। वे दुकान के अंदर गल्ले में रखे 5 हजार रुपए चोरी कर चले गए। पुलिस शिकायत लेकर जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि बागेश्वर मोबाइल दुकान के बाहर सुबह सुबह एक महिला रोजाना चाय का ठेला लगाती है। वह महिला जब चाय दुकान लगाने पहुंची तो देखा कि बागेश्वर मोबाइल दुकान का शटर खुला है। उसने तुरंत दुकान संचालक शिवम गुप्ता को फोन लगाया, लेकिन उसका फोन स्विचऑफ आया। इसके बाद महिला ने दुकान की महिला स्टॉफ को फोन करके जानकारी दी। महिला स्टॉफ ने शिवम के पापा को फोन पर चोरी होने की जानकारी दी।
00 करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद
बागेश्वर मोबाइल शॉप में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसमें चोरों की करतूत कैद हो गई है। दुकान संचालक शिवम गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक करने पर चार संदिग्ध युवकों की गतिविधि नजर आ रही है। इसमें दो लड़के अंदर और दो लड़के बाहर हैं। एक लड़के ने तो चेहरा ढका भी नहीं है। छावनी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।




