नेहरू आर्ट गैलरी में डॉ. नन्दिता राजश्री की एकल चित्रकला प्रदर्शनी “कथा” उद्घाटित…

IMG-20251013-WA1537.jpg


नेहरू आर्ट गैलरी में डॉ. नन्दिता राजश्री की एकल चित्रकला प्रदर्शनी “कथा” उद्घाटित


भिलाई नगर 13 अक्टूबर 2025:- भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर स्थित नेहरू आर्ट गैलरी में डॉ. नन्दिता राजश्री की समकालीन पेंटिंग्स की एकल प्रदर्शनी “कथा” का आयोजन 13 से 15 अक्टूबर 2025 तक किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन 13 अक्टूबर 2025 को संध्याकाल कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन)  पवन कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।


प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के अवसर पर महाप्रबंधक (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसम्पर्क)  अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक (जनसम्पर्क)  प्रशान्त तिवारी, महाप्रबंधक (पीपी एंड ई) श्रीमती बोन्या मुखर्जी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन- सचिवालय)  सौमिक डे, महाप्रबंधक (एच आर – एल एंड डी)  मुकुल सहारिया, सहायक महाप्रबंधक (जनसम्पर्क)  जवाहर बाजपेयी, सहायक प्रबंधक (जनसम्पर्क) सुश्री शालिनी चौरसिया तथा संयंत्र के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण सहित आर्ट्स क्लब के सदस्य, इस्पात नगरी के अन्य वरिष्ठ कलाकार एवं चित्रकला प्रेमी तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात मुख्य अतिथि  पवन कुमार ने नेहरू आर्ट गैलरी में आयोजित डॉ. नन्दिता राजश्री की एकल चित्रकला प्रदर्शनी की सराहना की एवं अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. नन्दिता के चित्रों में गहराई, विविधता और आध्यात्मिक संवेदनाओं का सुंदर समन्वय झलकता है।  पवन कुमार ने उनके चित्रों को भावनात्मक अभिव्यक्ति और सौंदर्यबोध का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए उनकी कलात्मक निष्ठा और सफलता की प्रशंसा की। साथ ही, इस सृजनात्मक अनुभव से जुड़ने का अवसर प्रदान करने हेतु जनसंपर्क विभाग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।


डॉ. नन्दिता राजश्री, मूलतः एक कवयित्री हैं व समकालीन कला के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। डॉ. नन्दिता ने अपने चित्रों में शब्दों और रंगों के माध्यम से भावनाओं को जीवंत रूप दिया है। उनकी चित्रकला में लोकचित्रों का समावेश और विशेषकर मिथिला व मधुबनी शैली का प्रभाव प्रचुरता से देखा जा सकता है। पूर्व में भी डॉ. नन्दिता राजश्री की नेहरू आर्ट गैलरी में संयुक्त प्रदर्शनी आयोजित की जा चुकी है। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में डॉ. नन्दिता की एक्रेलिक पेंटिंग्स के साथ उनकी प्रतिभाशाली पुत्री सुश्री देवलीना प्रियदर्शी(धरा) द्वारा बनाई गई चुनिंदा पेंटिंग्स को भी प्रदर्शित किया गया है।

दिल्ली पब्लिक स्कूल, भिलाई के कक्षा 6 में अध्ययनरत सुश्री देवलीना ने पेंटिंग विधा में विद्यालयीन एवं अन्य स्तरों पर कई पुरस्कार प्राप्त किए हैं। उनके पिता  अमूल्य प्रियदर्शी भिलाई इस्पात संयंत्र में महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क के पद पर कार्यरत हैं।

यह तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी 15 अक्टूबर 2025 तक प्रतिदिन संध्या 5.30 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक आम जनता के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।


scroll to top