कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी से दो घंटे थमे रहे वाहनों के पहिए
00 दुर्ग जिले में छह जगहों पर किया गया चक्काजाम
00 फोरलेन पर भिलाई-3 व नेहरू नगर चौक पर हुआ प्रदर्शन

भिलाई नगर 22 जुलाई 2025:- / पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी में गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेशभर में आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान किया। इसके चलते विभिन्न सड़कों पर दोपहर 12 से दो बजे तक वाहनों के पहिए थमे रहे। दुर्ग जिले में छह जगहों पर चक्काजाम किया गया। दुर्ग – रायपुर फोरलेन सड़क पर भिलाई-3 और नेहरू नगर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में ईडी के विरोध में तख्तियां लेकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।

इस दौरान दो घंटे तक सड़क पर दोनों ओर से आवागमन बाधित रहने से लोगों को दिक्कत हुई।
प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) के द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने आज प्रदेश व्यापी आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान किया था। इसके तहत आज दोपहर 12 बजे से दो बजे तक दुर्ग जिले के छह जगहों पर चक्काजाम किया गया।






भिलाई-3 में सिरसा चौक, दुर्ग में मिनी माता चौक, भिलाई में नेहरू नगर चौक, जामुल में बोगदा पुलिस के पास, दुर्ग से पाटन रोड पर सेलूद चौक और दुर्ग – बेमेतरा मार्ग पर महामाया गेट के पास कांग्रेस ने चक्काजाम कर ईडी की कार्रवाई का विरोध जताया।



भिलाई-3 के सिरसा चौक पर आयोजित चक्काजाम और धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किया। इस दौरान चरोदा निगम महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज मढ़रिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुजीत बघेल सहित जिला व ब्लाक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी, नगर निगम भिलाई – चरोदा और कुम्हारी नगर पालिका के कांग्रेसी पार्षद बड़ी संख्या में मौजूद रहकर ईडी के खिलाफ नारेबाजी करते रहे




। इसी तरह नेहरू नगर चौक पर भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में चक्काजाम किया गया। इस दौरान महापौर नीरज पाल, सभापति गिरवर बंटी साहू, पूर्व राज्यमंत्री बदरुद्दीन कुरैशी, वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र यादव , प्रभाकर जनबंधु, अतुल चंद साहू, राजेश गुप्ता, एकांश बंछोर, लक्ष्मीपति राजू,, विक्की शर्मा, चवन राम साहू, भुवनेश्वरी रानी , अब्दुल तहुर पवार,आदित्य सिंह, केशव चौबे, सीजू एंथोनी, सहित कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।




