राज्यपाल रमेन डेका ने दिलाई मंत्रियों को शपथ…राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

रायपुर, 20 अगस्त 2025:- राज्यपाल रमेन डेका ने आज राजभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में गजेन्द्र यादव, राजेश अग्रवाल एवं गुरू खुशवंत साहेब को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रीमंडल में तीन नए मंत्री जुड़ गए हैं। बुधवार को राजभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में सुबह 10:30 बजे राज्यपाल रमेन डेका ने तीन मंत्रियों को शपथ दिलाई। नए मंत्रियों में दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल व आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब शामिल हैं। फिलहाल तीनों मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं हुआ है। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह सहित मंत्रीमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।




इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री द्वय श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्रीपरिषद के सदस्यगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।



बता दें छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के 20 माह बाद साय कैबिनेट पूरा हो पाया है।
सरकार बनने के बाद सीएम साय के साथ कुल 11 मंत्रियों ने शपथ ग्रहण लिया था। 13 मंत्रियों के फॉर्मूले पर तक एक मंत्रीपद खाली था। इस बीच लोकसभा चुनाव में रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल ने चुनाव जीता और उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद दो मंत्रियों की जगह खाली हो गई। पिछले 6 माह से नए मंत्रियों की घोषणा का इंतजार होता रहा। इस बीच हरियाणा की तरह 14 मंत्रियों के फॉर्मूले पर सहमति बनी। इस तरह तीन मंत्रियों की जगह खाली हुई। लंबे इंतजार के बाद अब जाकर तीन नए मंत्रियों की घोषणा हुई है। बुधवार को तीनों नए मंत्रियों ने शपथ ग्रहण किया और इसी के साथ साय सरकार का मंत्रीमंडल भी पूरा हो गया।

पुराने मंत्रियों में फिलहाल फेरबदल नहीं
तीन नए मंत्रियों के शपथ लेने के बाद माना जा रहा था कि पुराने मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया जा सकता है लेकिन ऐसा होता दिख नहीं रहा है। फिलहाल संगठन के सूत्रों से पता चला है कि मौजूदा मंत्रियों के विभाग या पद में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इसका मतलब है कि वर्तमान टीम से किसी को बाहर नहीं किया जाएगा। संभवतः इसे लेकर बाद में निर्णय हो सकता है। तीन नए मंत्रियों को कौन से विभाग दिए जाएंगे इसके आधार पर बाकि मंत्रियों के विभागों का फेरबदल संभव होगा।



