धनतेरस पर 10% ज्यादा सोना बिकने की उम्मीद…..00 धनतेरस को लेकर ट्विन सिटी का बाजार सज धजकर तैयार
00 शगुन के तौर पर होगी ज्वेलरी और बर्तनों की खरीदारी
00 इलेक्ट्रॉनिक सामानों के शो रूम में दिए जा रहे ऑफर…

IMG_20231110_122108.jpg

भिलाई नगर 10 नवंबर 2023। शुक्रवार को धनतेरस के साथ दीपोत्सव का त्योहार शुरू होने जा रहा है। शगुन के तौर पर ज्वेलरी और बर्तनों की खरीदारी के लिए बाजार गुलजार होने लगे हैं। धनतेरस पर इस दफा भारी मात्रा में सोना बिकने की उम्मीद है वहीं ग्राहकों को आकर्षित करने इलेक्ट्रॉनि@क आइटम के शो रूम में लुभावने ऑफर दिए जा रहे हैं। खासतौर पर बर्तन बाजार धनतेरस के लिए तैयार हो गया है। इस बार बर्तन के भाव सामान्य बने हुए हैं। तेरस पर लोग शगुन के तौर पर बर्तनों की खरीदारी करते हैं। व्यापारियों ने इसके लिए नया स्टाक किया है। स्टील के साथ, पीवीडी कोटिंग युक्त बर्तन, बोन चाइना और ट्राइप्लाय जैसे बर्तनों की नई वैरायटी लोगों को लुभा रही है।

धनतेरस पर शगुन के तौर पर बर्तनों की खरीदारी शुभ मानी जाती है। इसे देखते हुए व्यापारियों ने बर्तनों की नई वैरायटी का स्टाक किया है। शगुन के लिए जहां पूजा थाली, मूर्तियां, अगरदान, कलश एवं विभिन्न प्रकार के दीपक की खरीदारी होगी। वहीं घर के लिए स्टील की थाली, गिलास, लोटा, चम्मच, भगौना, टंकी, स्टील और कुकर जैसे परंपरागत बर्तनों की खरीदी होगी।


इस बार पीवीडी कोटिंग वैरायटी के बर्तन लोगों को लुभा रहे हैं। बर्तन व्यवसाई भगवान तेजवानी के अनुसार यह यूनिक वैरायटी है। इस वैरायटी के बर्तन थोड़े महंगे हैं, लेकिन अलग होने के कारण इसकी मांग बनी हुई है। थर्मोवेयर एवं कापर बेस बर्तनों का नया स्टाक भी व्यापारियों ने धनतेरस को देखते हुए किया है। व्यापारियों के मुताबिक मिक्सर, नान स्टिक वैरायटी एवं केसरोल भी त्योहारी सीजन में बिकते हैं।


घरेलू उपयोग के लिए परंपरागत बर्तन की खरीदी होती है। वहीं अब दीपावली पर गिफ्ट देने के लिए गिफ्ट पैक बर्तन भी आने लगे हैं। ट्रांसप्लाय एवं तांबे के कई उपयोगी बर्तन अब पैकिंग में आने लगे हैं। इसे गिफ्ट करना आसान है। कुछ नए कुकर एवं टपरवेयर डिजाइनर गिफ्ट पैक भी बाजार की शान बढ़ा रहे हैं। नए तरह के ऐसे कुकर भी बाजार में हैं, जो सामान्य कढ़ाई के रूप में उपयोग में लिए जा सकते हैं।

बोन चाइना पैक भी मांगे जा रहे हैं। बाजार में ज्वेलर्स व बर्तन दुकानों के साथ आटोमोबाइल व इलेक्ट्रानिक सामानों की दुकान व शो-रुम में भी आफर दिए जा रहे हैं। ज्वेलर्स में कम रेट के साथ मेकिंग चार्ज पर छूट दी जा रही है। टीवी, वाशिंग मशीन, फ्रीज सहित अन्य बड़े सामानों की खरीद पर उपहार देने की घोषणा की जा रही है।


scroll to top