वेल्डिंग मशीन में शार्ट सर्किट से जूता चप्पल की दुकान में लगी आग..00 टेबल में वेल्डिंग से रिपेयरिंग के दौरान आगजनी में लाखों का नुकसान
भिलाई नगर 06 जून 2025:- सुपेला गुरुद्वारा के पीछे केदार काम्प्लेक्स में संचालित जूता चप्पल की दुकान में भीषण आग लग गई। आगजनी की यह घटना सुबह साढ़े 10 बजे के आसपास टेबल की वेल्डिंग से रिपेयरिंग के दौरान शार्ट सर्किट से हुई।

दुकान में ज्वलनशील साल्यूशन सहित चमड़े व रबर के सामान होने से आग तेजी से बढ़ते हुए आसपास के दो और दुकानों में फैल गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग और सुपेला पुलिस की टीम ने रेस्क्यू कर अंदर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और पानी की बौछार कर आग बुझाया। लेकिन तब तक आग से काफी नुकसान हो चुका था।





बताया जाता है कि सुपेला में गुरुद्वारा के पीछे केदार काम्प्लेक्स है। यहां पर खेमराज चौहान ने तीन महीने पहले किराए पर दुकान लेकर जुता चप्पल बनाने और बेचने का कारोबार शुरू किया था। गुरुवार की रात को खेमराज टूटी हुई टेबल का वेल्डिंग करवा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग मशीन ओवर लोड हो जाने से बिजली शार्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। खेमराज ने आसपास के दुकानदारों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन दुकान पर ज्वलनशील पदार्थ साल्यूशन सहित चमड़े और रबर आदि होने से आग तेजी से बढ़ने लगी।




इस दौरान खेमराज का बेटा आदित्य चौहान और एक मिस्री अंदर में ही फंस गए। सूचना पर अग्निशमन विभाग और सुपेला थाना पुलिस ने पहुंचकर सबसे पहले अंदर फंसे आदित्य और मिस्त्री को सुरक्षित बाहर निकाला। फिर फायर ब्रिगेड वाहन से पानी की बौछार मारकर आग पर काबू पाया गया।
दुकान मालिक खेमराज चौहान ने बताया कि आगजनी से उन्हें तीन से साढ़े तीन लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। इस दौरान आसपास के दो अन्य दुकानों में भी आग की लपटों के साथ धुआं भरने से काफी नुकसान हुआ है।


