बोर्ड परीक्षा शुरू होने के चार दिन पहले दसवीं की छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम
00 घर के कमरे में फंदे पर झूलती मिली लाश

भिलाई नगर 17 फरवरी 2026:– छत्तीसगढ़ बोर्ड के 10 वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस बीच जामुल थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक छात्रा ने घर पर अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 10वीं कक्षा की छात्रा एक दिन पहले सोमवार को स्कूल से एडमिट कार्ड लिया और रात 12 बजे तक पढ़ाई करती रही। सुबह कमरे में फंदे पर लटकती उसकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा के इस कदम से परिजनों में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार घटना जामुल थाना क्षेत्र का है। मृतक छात्रा का नाम नारायणी साहू उम्र लगभग 17 वर्ष है। वह आत्मानंद विद्यालय हाउसिंग बोर्ड में कक्षा 10 में पढ़ रही थी। घासीदास नगर में वह अपनी पांच बहनों के साथ रहती थी। जामुल पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर 3 बजे वह स्कूल से एडमिट कार्ड लेकर घर पहुंची थी। इसके बाद सब कुछ सामान्य था। देर रात तक बहनों के साथ पढ़ाई की, इसके बाद सभी सो गए।
मंगलवार की सुबह लगभग 5 बजे घर वालों ने देखा कि नारायणी फंदे पर लटकी हुई है। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतार कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए भेजा गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्रा पढ़ाई को लेकर काफी तनाव में थी। बोर्ड परीक्षा होने के कारण तनाव कुछ ज्यादा ही था और इसके कारण संभवत: आत्महत्या कर ली। बहरहाल जामुल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।



