भिलाई नगर 30 नवंबर 2024:- भिलाई इस्पात संयंत्र के संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग प्रमुख महाप्रबंधक जेकब कुरियन आज लगभग 38 वर्षों की संयंत्र की सेवा करने के पश्चात सेवानिवृत्त हुए उनकी सेवानिवृत्ति पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी बिदाई दी। बिदाई एवं सम्मान समारोह इस्पात भवन के सभागार में आयोजित किया गया।


उल्लेखनीय है कि श्री जेकब कुरियन ने 27 अक्टूबर 1986 को भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा आरंभ की थी। सर्वप्रथम वे राजहरा माईंस में कार्मिक अधिकारी रहे। तीन वर्ष राजहरा में सेवाएं देने के बाद आप ब्लास्ट फर्नेस विभाग, टी. एण्ड डी संगठन, औद्योगिक संबंध एवं ठेका श्रमिक प्रकोष्ठ, में आर्य करने के बाद एक बार पुनः आई. ओ. सी. राजहरा खदान में अपनी सेवाएं देने गये। आपने अपनी दीर्घ सेवा अवधि में मानव संसाधन विकास विभाग, मानव संसाधन एवं सूचना सेवाएं, नियमन विभाग में सेवा प्रदान करते हुए जनसंपर्क विभाग में पदस्थ हुए।





इसके पश्चात् आपने संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग का गुरूतर भार संभाला एवं सेवानिवृत तक इस विशाल संगठन के प्रमुख रहे।

आपने जहां एक ओर अपने ज्ञान, कुशल प्रशासनिक क्षमता, लगनशीलता तथा कठिन परिश्रम से आपने लंबे समय तक इस गुरूतर भार का वहन किया वहीं दूसरी ओर अपने सरल स्वभाव व व्यवहार कुशलता से वे अपने सहकर्मियों एवं कर्मचारियों के बीच सदैव लोकप्रिय रहे। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय भविष्य की कामना की। आशीर्वचन में श्री जेकब कुरियन ने सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


विदाई समारोह में जनसंपर्क विभाग एवं संपर्क एवं प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री कुरियन के साथ बिताये गये स्वर्णिम कार्यकाल के अनुभव साझा किये।



