नौ राज्यों के राज्यपाल बदले गए.. तरनजीत संधू दिल्ली के उपराज्यपाल बनाए गए
नई दिल्ली 5 मार्च 2026 :- राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी.आनंद बोस के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही कई और राज्यों के राज्यपाल पद के लिए भी नए नामों की नियुक्ति की गई है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण दिल्ली में उपराज्यपाल वीके सक्सेना की जगह तरनजीत संधू को नया उपराज्यपाल बनाया गया है।

राष्ट्रपति भवन की तरफ से जारी किए गए बयान के मुताबिक कई राज्यों के राज्यपाल को बदला गया है
हिमाचल प्रदेश के वर्तमान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, तो वहीं, सेवानिवृत्त सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। इससे पहले बिहार में आरिफ मोहम्मद खान राज्यपाल थे।

तमिलनाडु के वर्तमान राज्यपाल आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वर्तमान में केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वर्तमान में लद्दाख के उपराज्पाल की भूमिका निभा रहे कविंदर गुप्ता को, पदोन्नति मिली है। उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं, वर्तमान में दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना को लद्दाख का राज्यपाल बनाया गया है, वहीं तरनजीत संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल बनाया गया है।





