गुजरात के उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ में निवेश की जताई इच्छा... - Steel City Online News Portal

गुजरात के उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ में निवेश की जताई इच्छा…

IMG-20251111-WA1123.jpg

गुजरात के उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ में निवेश की जताई इच्छा

अहमदाबाद 11 नवंबर 2025:-  आज मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय से गुजरात के उद्योग समूह के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के गुजरात आगमन पर हार्दिक स्वागत किया।

उद्योगपतियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ बहुत समृद्ध और सुविधाजनक राज्य है, जहाँ निवेश के लिए बहुत अच्छे अवसर हैं। उन्होंने बताया कि वे छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाने में रुचि रखते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य सरकार हर उद्योगपति को पूरा सहयोग देगी।
वेल्सपन समूह सहित उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश की इच्छा जताई

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान वेल्सपन समूह के निदेशक व एसोचैम गुजरात के अध्यक्ष श्री चिन्तन ठाकर ने एसोचैम गुजरात के सह अध्यक्ष श्री जेमिन शाह सहित अन्य कंपनी के प्रमुखों के साथ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से भेंट की। उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ के खनिज, धातु, उर्वरक, पेट्रो केमिकल, एनर्जी और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की और राज्य में औद्योगिक सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

टोरेंट ग्रुप ने छत्तीसगढ़ में 23,100 करोड़ निवेश का दिया प्रस्ता

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में टोरेंट ग्रुप के उपाध्यक्ष श्री जिनल मेहता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में बिजली क्षेत्र में 22,900 करोड़ रुपये तथा फार्मा सेक्टर में 200 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए। इन परियोजनाओं से लगभग 5,200 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। श्री मेहता ने राज्य में औद्योगिक वातावरण और निवेश के अनुकूल नीतियों की सराहना की।

अहमदाबाद के टेक्सटाइल एसोसिएशन समूह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, कपड़ा उद्योग में निवेश की रुचि दिखाई

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान नारोल टेक्सटाइल्स इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड एनवायरो मैनेजमेंट (NTIEM) के अध्यक्ष श्री चंपालाल जी. अग्रवाल के नेतृत्व में अहमदाबाद टेक्सटाइल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से निर्धारित मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ में पर्यावरण अनुकूल टेक्सटाइल प्रसंस्करण उद्योग के विकास में सहयोग की इच्छा व्यक्त की। कंपनी ने अपने कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) की क्षमता को 100 MLD से बढ़ाकर 130 MLD करने और छत्तीसगढ़ में कपड़ा उद्योगों के लिए आधुनिक एवं टिकाऊ सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से कैडिला फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के समूह अध्यक्ष राज प्रकाश व्यास ने की मुलाकात

कैडिला फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के समूह अध्यक्ष श्री राज प्रकाश व्यास ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और छत्तीसगढ़ में फार्मा निर्माण इकाई की स्थापना में रुचि व्यक्त की।

कंपनी के पास देश-विदेश में 10 अत्याधुनिक निर्माण संयंत्र हैं, जिनमें गुजरात, जम्मू, राजस्थान, अमेरिका और इथियोपिया शामिल हैं।


scroll to top