सुबह की तेज बारिश से लबालब हुए अण्डरब्रिज...00 सुपेला क्षेत्र से पटरी पार आने जाने वाले हुए हलाकान...00 दोपहर बाद पानी उतरने पर सामान्य हुई आवाजाही...00 बारिश के चलते भिलाई निगम अलर्ट, पानी निकासी के लिए जुटी रही निगम की टीम, कई स्थानों से निकासी के लिए की गई व्यवस्था...रिसाली निगम ने टाउन शिप का पानी निकालने बरसते पानी में कवायद.....तालपुरी में गलत डिजाइन बना जलभराव का कारण, दो घंटे बाद स्थिति सामान्य.... - Steel City Online News Portal

सुबह की तेज बारिश से लबालब हुए अण्डरब्रिज…
00 सुपेला क्षेत्र से पटरी पार आने जाने वाले हुए हलाकान…
00 दोपहर बाद पानी उतरने पर सामान्य हुई आवाजाही…00 बारिश के चलते भिलाई निगम अलर्ट, पानी निकासी के लिए जुटी रही निगम की टीम, कई स्थानों से निकासी के लिए की गई व्यवस्था…रिसाली निगम ने टाउन शिप का पानी निकालने बरसते पानी में कवायद…..तालपुरी में गलत डिजाइन बना जलभराव का कारण, दो घंटे बाद स्थिति सामान्य….

IMG_20230721_232552.jpg


भिलाई नगर 21 जुलाई 2023 / सुपेला क्षेत्र में चन्द्रा-मौर्या और प्रिर्यदर्शिनी परिसर के पास बने रेलवे अण्डरब्रिज बारिश के इस मौसम में फिर एक बार परेशानी का सबब बने हुए हैं। आज सुबह हुई तेज बारिश के बाद दोनों अण्डरब्रिज लबालब भर गए। इस स्थिति में सुपेला क्षेत्र से पटरी पार आने जाने वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। इस क्षेत्र में आवाजाही के लिए लोगों को पावर हाउस और नेहरू नगर के अण्डर और ओवर ब्रिज के घुमावदार रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ा।

दोपहर बाद पानी उतरने पर अण्डरब्रिज से आवाजाही आंशिक रूप से सामान्य हो सकी।आज सुबह तेज बारिश होने से सुपेला के दोनों अण्डरब्रिज लबालब हो गए। ट्रेफिक पुलिस ने दोनों ओर बेरिकेडिंग कर अण्डरब्रिज से आवाजाही पर रोक लगा दी। इसके चलते सुपेला क्षेत्र के लोगों को पावर हाउस और नेहरू नगर में बने अण्डरब्रिज और ओवर ब्रिज से होकर पटरी पार आना जाना पड़ा। इससे गंतव्य तक पहुंचने में लोगों को ज्यादा समय लगा। बीएसपी की पहली और सामान्य पाली की ड्यूटी पर निकलने वाले कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस तरह की परेशानी रात्रि पाली की ड्यूटी खत्म कर सुपेला और कोहका जुनवानी क्षेत्र वापस आने वाले कर्मचारियों को भी हुई।


गौरतलब रहे कि अभी सुपेला रेलवे क्रासिंग पर अण्डरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। लिहाजा पटरी पार आने जाने का यह महत्वपूर्ण रास्ता फिलहाल बंद है। इस स्थिति में सुपेला क्षेत्र के लोगों को टाउनशिप की दिशा में जाने के लिए चन्द्रा-मौर्या और प्रिर्यदर्शिनी परिसर अण्डरब्रिज नजदीकी विकल्प बनता है। लेकिन बारिश के मौसम में पानी भरने से दोनों ही अण्डरब्रिज ज्यादातर समय बंद हो जाते हैं। पूर्व के वर्षों में सुपेला क्रासिंग का रास्ता दोनों अण्डरब्रिज के बंद रहने से लोगों को राहत देता था। लेकिन अब उसके भी बंद हो जाने से सुपेला और इसके आसपास इलाके में रहने वालों की परेशानी बढ़ गई है।

बारिश के चलते भिलाई निगम अलर्ट, पानी निकासी के लिए जुटी रही निगम की टीम, कई स्थानों से निकासी के लिए की गई व्यवस्था

नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत बारिश के पानी से कहीं भी जलभराव की स्थिति न हो इसके लिए महापौर नीरज पाल के निर्देश पर निगम के अधिकारी व निगम का स्वास्थ्य अमला जुटा हुआ है। महापौर नीरज पाल और निगमायुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर निगम के जोन आयुक्त व अधिकारी, स्वास्थ्य टीम के साथ बस्तियों में अवलोकन करने पहुंचे और समक्ष नालियों को साफ करवाया।

सभी वार्डों के छोटे, बड़े नाली की सफाई की जा रही है ताकि पानी की निकासी बिना कोई अवरोध गंतव्य की ओर निकल सके साथ ही जहां निकासी की व्यवस्था नहीं है वहां वैकल्पिक व्यवस्था करने निकासी की व्यवस्था बनाई जा रही है। निगम के सफाई कर्मी वार्डों के भीतर नाली से पानी निकासी करने झिल्ली, पन्नी व कचरे को निकालने में जुटे रहे। बारिश की वजह से कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए निगम की टीम मौके पर पहुंच रही है। गौरतलब है कि निगम मेयर व आयुक्त के निर्देश पर निगम प्रशासन ने बारिश पूर्व ही सभी नाली व बड़े नालों की जेसीबी से सफाई कराई थी, जिसके कारण जलभराव की शिकायतें नगण्य आ रही है।

भिलाई निगम क्षेत्र में बारिश का पानी सुगमता से तालाब व बड़े नालो तक बिना अवरोध पहुंच सके इसलिए नाले व वार्डों के भीतर जल निकासी वाले सभी नालियों की सफाई पूर्व में ही कराई जा चुकी है। बारिश के पानी से जलभराव की स्थिति से निपटने कुछ स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी वार्डों के भीतर जलभराव होने वाले स्थान पर कच्चा रास्ता बनाकर पानी को निकालने में जुटे रहे। कई स्थानों पर जाम नाली से झिल्ली, पन्नी एवं अन्य कचरो को निकालकर साफ किया गया। बारिश के पानी को निकालने सफाई कर्मियों ने वार्डो के भीतर फावड़ा, बेलचा व अन्य औजार के साथ वार्ड के नाली का निरीक्षण किए

और जलजमाव वाले स्थानों से पानी की निकासी हेतु रास्ता बनाकर निकाला। नाली से जलप्रवाह को बनाए रखने सभी जोन के जोन स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण किए और कई स्थानों पर जलनिकासी के लिए रास्ता बनवाया। आज कैलाश नगर भगवा चौक के पास जवाहर नगर एवं साकेत नगर आदि इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था बनाई गई।

0 टाउन शिप का पानी निकालने बरसते पानी में कवायद

तालपुरी में गलत डिजाइन बना जलभराव का कारण, दो घंटे बाद स्थिति सामान्य

रिसाली
तेज बारिश के दौरान निचली बस्ती और पाॅश कालोनी में निर्मित स्थिति से निपटने जनप्रतिनिधि और निगम आयुक्त की टीम एकजुटता दिखाई। जल भराव की स्थिति से जल्द निजात दिलाने फावड़ा और लोहे के एंगल से श्रमिकों का हाथ बटाया। तालपुरी में गलत डिजाइन की वजह से ढलान क्षेत्र में बने परिजात में पानी भरने लगा था। जिसे निकालने वृहद रूप से राहत कार्य चलाया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद ही अधिकारियों ने राहत की सांस ली।


शुक्रवार की अलसुबह शुरू हुई तेज बारिश से जल भराव की स्थिति विकराल होने से पहले ही रिसाली निगम अमला बिना देरी किए मोर्चा सम्भाला। निचली बस्ती और ढलान में बसे कालोनी में एकत्र हुए पानी को निकाला गया।जलभराव से लोगों को निजात दिलाने महापौर शशि सिन्हा, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री जितेन्द्र साहू राहत कार्य में हाथ बढ़ाया। आयुक्त आशीष देवांगन के मार्गदर्शन में पानी निकासी का संसाधन बनाने 4 घंटे से भी अधिक समय लगा। निगम अमला पहले वार्ड 28 शक्ति विहार रिसाली क्षेत्र पहुंचा। इसके बाद इंटरनेशनल कालोनी तालपुरी। इस दौरान वार्ड पार्षद डाॅ. सीमा साहू, जोन अध्यक्ष अमृतपाल सिंह, अशोक सिन्हा, अमनदीप सोढ़ी, प्रेम साहू आदि उपस्थित थे।

टाउनशिप का पानी ले रहा था बाढ़ का शक्ल
सांई मंदिर के सामने व वीआईपी नगर पहुंच मार्ग के सामने जल भराव की स्थिति बनी। दरअसल यहां पर रिसाली सेक्टर (टाउनशिप) का पानी जमा होने लगा था। स्थिति नियंत्रण से बाहर हो इसके पहले निगम ने जमा पानी निकासी के लिए वीआईपी नाला तक रास्ता तैयार किया।

शक्ति विहार के लोगों को राहत
तेज बारिश से इस बार शक्ति विहार में रहने वाले नागरिकों ने राहत की सांस ली। जलभराव से निजात दिलाने निगम आयुक्त ने मुख्य नाला में लगे हयुम पाइप की जगह कलवट निर्माण कराया है। वहीं नाला चैड़ीकरण कर नाला में पानी का फ्लो अधिक होने पर ओवर फ्लो पानी निकासी के लिए अलग संसाधन तैयार कराया गया गया है।

घुटने तक भरा था पानी

शुक्रवार को तालपुरी बी ब्लाक पारिजात में तीन फीट तक पानी भरा हुआ था। ब्लाक 40 से 60 पहुंच मार्ग बाधित हो गया था। सूचना मिलते ही आयुक्त जनप्रतिनिधियों के साथ तालपुरी पहुंचे और निरीक्षण किया। दरअसल यहां पर कालोनी निर्माण के समय तैयार गलत डिजाइन को नजरअंदाज करने से स्थिति बिगड़ी। अधिकारी व कर्मचारी पहले घुटने तक भरे पानी को कालोनी से बाहर निकालने संसाधन तैयार किया। इसके बाद पानी निकासी में रोड़ा बने डिजाइन को जेसीबी से हटाया।


scroll to top