इस्पात उद्योग में सुरक्षा उत्कृष्टता हेतु बीएसपी के हेमंत कुमार वर्मा को ‘आईएसई एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025’
भिलाई नगर 20 फरवरी 2026:- भिलाई इस्पात संयंत्र के सहायक महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी (ब्लास्ट फर्नेस) . हेमंत कुमार वर्मा को इस्पात उद्योग में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘आईएसई एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें इंस्टिट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा प्रदान किया गया।

हेमंत कुमार वर्मा को ब्लास्ट फर्नेस परिचालन क्षेत्र में सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति विकसित करने तथा दुर्घटना निवारण हेतु सक्रिय एवं प्रभावी उपायों के सफल क्रियान्वयन के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ बनाने, जोखिमों की पूर्व पहचान एवं नियंत्रण के उपायों को संस्थागत रूप देने तथा कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति सजगता और उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।

सम्मान प्राप्ति पर सहायक महाप्रबंधक एवं डीएसओ (ब्लास्ट फर्नेस) हेमंत कुमार वर्मा ने इसे अपने व्यावसायिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके साथ-साथ पूरी टीम के समर्पित एवं संगठित प्रयासों की सामूहिक मान्यता है।

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र परिवार ने औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में प्राप्त इस विशिष्ट सम्मान के लिए हेमंत कुमार वर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।





