भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 में हिंदी कार्यशाला आयोजित…

IMG-20250623-WA1204.jpg


भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 में हिंदी कार्यशाला आयोजित

भिलाई नगर 23 जून 2025:- भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 के सभागार में दिनांक 21 जून 2025 को कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (एस.एम.एस.-2)  टी. गोविंद के मुख्य आतिथ्य में राजभाषा के प्रगामी प्रयोग को प्रोत्साहन एवं भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित राजभाषा नीतियों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया।


मुख्य अतिथि  टी. गोविंद ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत एक स्वतंत्र एवं संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न राष्ट्र है। हमें अपनी भाषा पर गर्व है, हिंदी हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है। हिंदी में कार्यालयीन कार्य करना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है। वर्तमान में सभी वैश्विक भाषाएँ समावेशी हो गई हैं। उन्होंने कार्मिकों से कहा कि आयोजित प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक भागीदारी करें। समस्त कार्य शत-प्रतिशत हिंदी में करना ही है। हिंदी हमारे समग्र निष्पादन में सहायक है।


महाप्रबंधक (प्रचालन)  दीपक गुप्ता ने कहा कि हमें सरल भाषा का प्रयोग करने का प्रयास करना चाहिए, विशेषकर लिखते समय अन्य भाषाओँ के शब्दों को भी देवनागरी लिपि, हिंदी में लिखने का प्रयास करना चाहिए, यदि अधिक कठिन तकनीकी शब्द हों, तो यथासंभव उन्हें प्रचलित भाषा में ही लिखना चाहिए ताकि भाषा सरल हो।


कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक (विद्युत-सी.सी.एस.) एवं विभागीय हिंदी समन्वय अधिकारी  सौरभ जैन ने एस.एम.एस.-2 द्वारा हिंदी के क्षेत्र में की जा रही पहल, विशेष उल्लेखनीय कार्यों एवं संयंत्र स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं की जानकारी दी व विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विभाग में समस्त सुरक्षा निर्देशों का हिंदी अनुवाद कर अनेक स्थानों पर प्रदर्शित किया गया है, जो सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत ही लाभदायक और उपयोगी सिद्ध हो रहा है।


इस अवसर पर उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा)  जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने राजभाषा के सांविधिक प्रावधानों की जानकारी दी तथा ऑनलाइन गूगल वॉइस टाइपिंग एवं ऑनलाइन नोटशीट प्रणाली ‘सैप’ में हिंदी में नोटशीट बनाने का प्रदर्शन किया।


कार्यशाला में महाप्रबंधक (विभागीय सुरक्षा अधिकारी)  गौरव सिंघल, महाप्रबंधक (प्रचालन)  बिनितोष बाला, महाप्रबंधक (प्रचालन)  जी. रविकांत, महाप्रबंधक (प्रचालन)  दीपक गुप्ता, महाप्रबंधक (विद्युत)  शांतनु देबसिकदर, महाप्रबंधक (यांत्रिकी)  एन. के. देठे, उप महाप्रबंधक (विद्युत)  सी.एल. वर्मा, उप महाप्रबंधक (विद्युत)  आलोक भारती, सहायक महाप्रबंधक (एस.बी.एस.)  जयराम चौरसिया, सहायक महाप्रबंधक  रमेश साहू, सहायक महाप्रबंधक  कुलभूषण भटनागर, वरिष्ठ प्रबंधक  समीर दास तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


कार्यक्रम में राजभाषा विभाग द्वारा सामान्य ज्ञान पर आधारित एक रोचक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के विजेता रहे:- प्रथम  आलोक भारती, उप महाप्रबंधक (विद्युत), द्वितीय कुशाल चंद साहू, उप प्रबंधक (यांत्रिकी), तृतीय  जय प्रकाश सोनी, कनिष्ठ सहायक तथा प्रोत्साहन पुरस्कार  सी.एल. वर्मा, उप महाप्रबंधक (विद्युत),  शांतनु देबसिकदर, महाप्रबंधक (विद्युत) एवं सुश्री प्रियंका राज गुप्ता, जे.ई.ए. (सी.सी.एस.) ने प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन जे.ई. (मुख्य महाप्रबंधक सचिवालय) एस.एम.एस.-2  संजीव सिंह ने किया।


scroll to top