सूर्या मॉल के पास निगम के फुटपाथ पर चल रहा था अवैध पार्किंग
00 पुलिस ने मौके पर मौजूद वाहन मालिकों को थमाया ई चालान
00 गैरमौजूद मालिकों के वाहन को जप्त कर भेजा गया ट्रैफिक कार्यालय
भिलाई नगर 16 मार्च 2026:- शहर के जुनवानी इलाके में स्थित सूर्या मॉल के बाहर अवैध वाहन पार्किंग का बड़ा खेल चल रहा था। एक शख्स निगम के फुटपाथ पर ही पार्किंग संचालित कर वाहन मालिकों से बाकायदा रसीद काटकर वसूली कर रहा था। देर रात पुलिस ने यहां दल बल के साथ दबिश देकर कार्यवाही किया है। पुलिस ने मौके पर मौजूद वाहन मालिकों को ई चालान थमाया। जिन वाहन के मालिक मौजूद नहीं थे, ऐसे वाहन को जप्त कर नेहरू नगर ट्रैफिक पुलिस कार्यालय लाया गया है। वहीं मामले में अवैध रूप से पार्किंग संचालित करने वाले आशीष कुमार को हिरासत में लेकर स्मृति नगर थाने में धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

सूर्या मॉल के सामने मुख्य सड़क पर बने निगम के फुटपाथ पर संचालित अवैध पार्किंग के खिलाफ बीती रात ट्रैफिक पुलिस और स्मृति नगर थाना की टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही किया है। सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में कार्यवाही के लिए पहुंची पुलिस टीम ने अवैध पार्किंग को लेकर सूर्या मॉल के मैनेजर विनोद सिंह से पूछताछ किया। मैनेजर विनोद सिंह के मुताबिक सूर्या मॉल की पार्किंग अंदर बनी हुई है। सड़क पर बने फुटपाथ का इस्तेमाल किसी आशीष कुमार नाम के शख्स द्वारा अवैध रूप से वाहनों के पार्किंग के लिए किया जाता है।

जिस जगह पर अवैध पार्किंग चल रहा है, उस पर नगर निगम का स्वामित्व है। उनके द्वारा समय समय पर नगर निगम प्रशासन को अवैध पार्किंग होने की जानकारी दी जाती रही है। एक बार नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप इसी अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्यवाही किया था। लेकिन नियमित निरीक्षण नहीं होने से फिर से वाहनों को अवैध पार्किंग में खड़ी कर वसूली की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार शनिवार और रविवार को सूर्या मॉल में काफी ज्यादा भीड़ उमड़ती है। इससे मॉल के अंदर की वाहन पार्किंग स्थल में जगह कम पड़ने लगता है। नतीजतन अनेक लोग अपने चार पहिया और दोपहिया वाहन को मुख्य सड़क के फुटपाथ पर खड़े कर देते हैं। ऐसे वाहनों से मधु एसोसिएट नामक संस्था की रसीद काटकर शुल्क वसूला जा रहा था। चार पहिया के लिए 60 और दोपहिया वाहन के लिए 20 रुपए शुल्क तय किया गया था।


सूर्या मॉल के मैनेजर विनोद सिंह ने इस पार्किंग और वसूली में अपनी किसी भी तरह की भूमिका होने से इंकार किया है। जबकि नगर निगम की ओर से भी फुटपाथ पर पार्किंग संचालित करने किसी को अधिकृत नहीं किया गया है। इससे स्पष्ट है कि नगर निगम की जमीन पर पार्किंग संचालित कर आशीष कुमार नाम के शख्स द्वारा अवैध उगाही की जा रही थी। इससे सड़क यातायात व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ रहा था।


