नशे की हालत में आधी रात को युवक ने शिवनाथ में लगा दी छलांग
00 आवाज सुनकर मौके पर तैनात एसडीआरएफ जवानों ने किया रेस्क्यू
00 महज दस मिनट में ही युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया
दुर्ग 03 अक्टूबर 2025:- आधी रात को लगभग डेढ़ बजे के आसपास एक युवक ने शराब के नशे में धुत्त होकर तेज बहाव वाले शिवनाथ नदी में छलांग लगा दी। भला हो उस वक्त वहां पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम तैनात थी, जिसने किसी के नदी में छलांग लगाने की आवाज सुनकर तत्काल रेस्क्यू शुरू कर दिया। महज दस मिनट के रेस्क्यू में ही युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

युवक खुशवंत सिंह पिता रविन्द्र सिंह ( 27 वर्ष ) मकान नं 1574/6 कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी थाना जामुल का रहने वाला है।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के आदेश पर अनुसार एवं जिला सेनानी अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशानुसार दुर्गा विसर्जन ड्यूटी हेतु थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी गुरुद्वारा के पास एसडीआरएफ टीम को तैनात किया गया था। रात्रि कालीन ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ के जवान ने अचानक समय लगभग 1:30 बजे रात्रि ब्रिज के ऊपर से किसी के गिरने की आवाज आई।

ड्यूटी पर मौजूद एसडीआरएफ के जवान विनय कुमार यादव, गोपी पाटिल एवं नगर सेना के जवान डिव्हार देशमुख मोटर बोट की सहायता से गिरने की आवाज के जगह पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कोई व्यक्ति शराब के नशे में नदी में कूद गया है। तत्काल एसडीआरएफ की टीम लाइव बाय एवं रोप की मदद से उस व्यक्ति को जिंदा सुरक्षित नदी के किनारे तक ले आए और थाना पुलगांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया। युवक की पहचान खुशवंत सिंह पिता रविन्द्र सिंह के रूप में की गई। इस दौरान एसडीआरएफ के किसी भी जवानों को शारीरिक एवं मानसिक क्षति नहीं पहुंची। एसडीआरएफ के जवानों का मात्र 10 मिनट का रेस्क्यू कार्य प्रशंसनीय एवं सराहनीय रहा।


