आगामी दिनों में शादी ब्याह में मालवाहक वाहनों में पब्लिक परिवहन किया जाता है, उसे रोकने हेतु जिला पुलिस बल द्वारा पहल….प्रत्येक गांव, कस्बे में जितने भी माल वाहक वाहन है, उनकी बनाई जा रही है सूची

बलौदाबाजार-भाटापारा 19 अप्रैल 2025 :- मालवाहक वाहनों के मालिक/चालकों की ली जा रही है बैठक
बैठक में मोटर व्हीकल के कानूनी प्रावधानों से तथा इन धाराओं में होने वाली कार्रवाई से कराया जा रहा है अवगत
बैठक में माल वाहक वाहनों का उपयोग सवारी बैठाने के लिए नहीं करने हेतु किया गया निर्देशित
मालवाहक वाहनों का सवारी गाडी के रूप में उपयोग, सडक दुर्घटना का है एक मुख्य कारण

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं मालवाहक में सवारी नहीं बैठाने हेतु 192 मालिक/चालकों से भरवाया गया सहमति पत्र
माल वाहनों का उपयोग सवारी ढोने के लिए नहीं करने हेतु पूर्व में मालवाहक वाहनों में लगाया गया था जागरूकता स्टीकर
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं समुचित यातायात व्यवस्था के लिए जिला बलौदाबाजार-भाटापारा यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मालवाहक वाहनों का उपयोग पब्लिक के परिवहन के लिए किया जाता है, जिससे होने वाले नुकसान के तारतम्य में जिला पुलिस बल द्वारा प्रत्येक गांव, कस्बे में जितने भी मालवाहक वाहन है, उनकी सूची बनाई जा रही है तथा उनके मालिक एवं वाहन चालकों की बैठक ली जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 17.04.2025 को यातायात पुलिस बल द्वारा बलौदाबाजार एवं सिमगा में क्षेत्र अंतर्गत माल वाहक वाहनों के मालिकों/वाहन चालकों की बैठक ली गई। बैठक के दौरान उपस्थित मालिकों/चालकों को माल वाहक वाहनो का उपयोग कभी भी सवारी बैठाने के लिए नहीं करने हेतु निर्देशित किया गया। आगामी दिनों में वैवाहिक कार्यक्रमों का काफी संख्या में आयोजन होना है, जिसमें लोग माल वाहक वाहनों का उपयोग पब्लिक परिवहन के रूप में करते हैं, जिससे सड़क दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न होती है।
उक्त बातों को प्रमुखता से लाते हुए उपस्थित समस्त मालिकों एवं चालकों को अपने-अपने माल वाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने हेतु हिदायत दिया गया। इसके साथ ही उपस्थित 192 वाहन चालकों एवं मालिकों से अपने-अपने मालवाहक वाहनों का उपयोग कभी भी सवारी ढोने के लिए नहीं करने हेतु सहमति पत्र भी भरवाया गया है। इसके पूर्व में माल वाहक वाहनों का उपयोग सवारी बैठाने के लिए नहीं करने हेतु यातायात पुलिस बल द्वारा मालवाहक वाहनों में जागरूकता स्टीकर लगाया गया था। उक्त के संबंध में आने वाले समय में भी जिले के सभी थाना एवं चौकी में मालवाहक वाहनों के मालिक एवं चालकों का बैठक कार्यक्रम जारी रहेगा।

