अफीम की खेती मामले में पुलिस के साथ राजस्व विभाग भी दोषी - ताम्रध्वज..... पूर्व गृहमंत्री ने सरकार पर लगाया नशे के कारोबार को संरक्षण देने का आरोप...... जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्राकर के नेतृत्व में हुआ भाजपा कार्यालय का घेराव.... - Steel City Online News Portal

अफीम की खेती मामले में पुलिस के साथ राजस्व विभाग भी दोषी – ताम्रध्वज….. पूर्व गृहमंत्री ने सरकार पर लगाया नशे के कारोबार को संरक्षण देने का आरोप…… जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्राकर के नेतृत्व में हुआ भाजपा कार्यालय का घेराव….

IMG-20260312-WA0920.jpg

अफीम की खेती मामले में पुलिस के साथ राजस्व विभाग भी दोषी – ताम्रध्वज
00 पूर्व गृहमंत्री ने सरकार पर लगाया नशे के कारोबार को संरक्षण देने का आरोप
00 जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्राकर के नेतृत्व में हुआ भाजपा कार्यालय का घेराव

भिलाई नगर 12 मार्च 2026:- कांग्रेस ने आज राज्य सरकार पर नशे के कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए जिला भाजपा कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। श्री साहू ने हाल ही में उजागर अफीम की खेती मामले में पुलिस के साथ राजस्व विभाग को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अफीम की खेती के बारे में समय पर जानकारी नहीं मिलने से राजस्व विभाग के गिरदावरी प्रक्रिया के गंभीरता की पोल खुल गई है।


शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में आज सुपेला के प्रियदर्शिनी परिसर स्थित भिलाई जिला भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान भारी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नशे के कारोबार को सरकार और भाजपा संगठन से संरक्षण मिलने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर के दाम और वेटिंग पीरियड बढ़ाए जाने का भी विरोध जताया गया। इस संबंध में कलेक्टर दुर्ग के नाम सक्षम अधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है। भाजपा कार्यालय घेराव में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, वरिष्ठ नेता बृजमोहन सिंह, भिलाई महापौर नीरज पाल सिंह जिला व ब्लॉक स्तर के सभी प्रकोष्ठ से पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी रही।


पूर्व गृह ताम्रध्वज साहू ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद से पूरे छत्तीसगढ़ में नशे का अवैध कारोबार बढ़ गया है। सरकार इसे रोकने के बजाय संरक्षण देने में लगी हुई है। नशे के चलते प्रतिदिन अपराध घटित हो रहा है। युवा पीढ़ी नशे में डूबकर अपना भविष्य खराब कर रहा है। श्री साहू ने कहा कि अफीम की खेती मामले में पुलिस के साथ राजस्व विभाग भी दोषी है। गिरदावरी प्रक्रिया में राजस्व विभाग द्वारा कितने रकबा में कितना और कौन सा फसल लगा है, इसका सर्वे किया जाता है। फिर भी 10 एकड़ में लगे अफीम के पौधों पर राजस्व विभाग का नजर नहीं पड़ना समझ से परे है। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है।


शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने बताया कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता द्वारा लगभग 10 एकड़ भूमि पर अफीम की खेती किये जाने का मामला उजागर हुआ है। इससे स्पष्ट हो गया है कि राज्य की भाजपा सरकार नशे के कारोबार को संरक्षण देकर प्रदेश के युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास कर रही है। श्री चंद्राकर ने बताया कि पिछले दो वर्षों में शराब, गांजा, अफीम, हेरोइन जैसे नशे के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी में नशे की लत, महामारी का रूप ले चुकी है। चंद पैसों के लिये सत्तासीन लोग नशे के बढ़ते कारोबार को रोकने के बजाय संरक्षण दे रहे हैं। इसके विरोध में आज भिलाई में भाजपा जिला कार्यालय का घेराव किया गया।


scroll to top