जन्म से दृष्टि बाधित अभय की गायकी से प्रभावित हुए इन्द्रजीत सिंह

00 शिक्षा और प्रतिभा को बेहतर मुकाम देने की ली जिम्मेदारी

भिलाई नगर 07 सितंबर 2025:- गणेश पूजा के कार्यक्रम के दौरान मेरा मिलना एक ऐसे प्रेरणादायक बच्चे से हुआ, जिसका नाम अभय साकरे है। वह जन्म से दृष्टिबाधित है, देख नहीं सकता, लेकिन उसके सपनों की ऊंचाई और गायकी की गहराई किसी को भी आश्चर्य में डाल देती है।
यह बातें हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर व भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह छोटू ने कही। उन्होंने बताया कि संगीत के प्रति अभय की प्रतिभा और शिक्षा पाने की उसकी लगन देखकर मैं बेहद प्रभावित हुआ। अभय, जो उमेश साकरे का पुत्र है और न्यू दीन दयाल कॉलोनी, खमरिया में रहता है, अपने हुनर से सभी का दिल जीत रहा है। उसकी आवाज़ में आत्मा की पुकार है और उसका आत्मविश्वास उसके उज्ज्वल भविष्य का संकेत। मैंने उसके संगीत और पढ़ाई में यथा संभव सहयोग करने की पेशकश की है।
श्री सिंह ने कहा कि ईश्वर उस पर अपनी असीम कृपा बनाए रखे और मां सरस्वती की विशेष कृपा से उसका जीवन ज्ञान, संगीत और प्रकाश से भरपूर रहे। अभय को उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। वह अपने सपनों को सच करे और समाज के लिए प्रेरणा बने।




