ठोस सीमेंट कंक्रीट से सिर कुचले युवक की मौत…00 उधार के पांच हजार रुपए को लेकर दो युवकों के बीच हुई थी मारपीट
भिलाई नगर 26 दिसंबर 2025:- छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैम्प – 2 सतनाम नगर में कर्ज की राशि को लेकर दो युवकों के मध्य आपसी विवाद के बाद एक ने सड़क पर पड़े कंक्रीट के हिस्से को सिर पर दे मारा। घायल को गंभीर अवस्था में मेकाहारा में दाखिल कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। छावनी पुलिस ने आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था आरोपी फिलहाल जेल में है , पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी हत्या के आरोप में जेल का दौरा कर चुका है।

13-14 दिसंबर की रात्रि बीते शनिवार रात को सतनाम नगर कैम्प – 2 में नील कमल जांगड़े ( 35 वर्ष ) एवं शिव कोशले ( 32 वर्ष ) के मध्य आपसी विवाद हो गया। इस पर आवेश में आकर शिव कोशले ने सीमेंट रोड के एक पत्थर नुमा कंक्रीट हिस्से को उठाकर नील कमल जांगड़े के ऊपर जानलेवा हमला करते हुए सिर पर पटक दिया।

इस जानलेवा हमले में नील कमल जांगड़े वहीं सड़क पर गिर गया। जिसे तत्काल इलाज के लिए बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया। वहां से दुर्ग जिला अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया था। जहां उसने दम तोड़ दिया। आरोपी शिव कोशले को फिलहाल जेल में निरुद्ध है। बताते हैं आरोपी शिव कोशले वर्ष 2019 में अपने एक रिश्तेदार की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।


