ज्वेलरी शॉप संचालक की चलती कार में लगी आग
00 समय रहते कार से उतरकर दो लोगों ने बचाई जान

भिलाई नगर 14 जनवरी 2026:- दुर्ग से पावर हाउस स्थित अपनी दुकान जा रहे ज्वेलरी शॉप संचालक की चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार दो लोग समय रहते वाहन से उतर गए। जिसके बड़ी अग्नि दुर्घटना टल गई। जानकारी के अनुसार दुर्ग के आदर्श नगर निवासी एस कुमार सोनी की पावर हाउस में ओम ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी शॉप है।

कारोबारी एस. कुमार सोनी आज सुबह 10 बजे अपनी क्रेटा कार क्रमांक सीजी 07 बीवाय 4510 से बीएसपी टाउनशिप के रास्ते दुकान आ रहे थे। वे सेक्टर 1 मुर्गा चौक को पार करते हुए फ्लाइओवर के समीप पहुंचे ही थे कि रास्ते में कार से अचानक धुआं निकलने लगा। सोनी ने तुरंत गाड़ी रोकी और अपने सहयोगी के साथ कार से बाहर निकल गए। उतरते ही आग भड़क उठी और गाड़ी ऑटोमैटिक लॉक हो गई। आग इतनी भीषण थी कि कार के दोनों टायर फट गए और सनरूफ तक जल गया। बताते हैं आसपास मौजूद लोगों से मदद और पानी मांगा गया।


लेकिन कोई सामने नहीं आया। घटना की सूचना तत्काल 112 और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही भिलाई इस्पात संयंत्र के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। बीएसपी के फायर ब्रिगेड मुख्यालय से नजदीकी होने की वजह से पूरी गाड़ी स्वाहा होने से बच गई। थोड़ी देर और होती तो गाड़ी के सिर्फ अवशेष ही बचे मिलते। बताया जा रहा है कि यह कार महज 25 दिन पहले ही शोरूम से सर्विसिंग से लाई गई है।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर चलती गाड़ियों में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। समय पर कार से उतरने की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।


