भिलाई नगर 30 दिसंबर 2023:- दुर्ग जिले के मचांदुर पुलिस चौकी क्षेत्र में युवक और युवती ने फांसी लगाकर एक साथ खुदकुशी कर ली। दोनो का शव पेड़ पर लटका मिला है। कोटवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं खुदकुशी के कारण का पता लगाने पुलिस के द्वारा मृतकों के परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


घटना दुर्ग के मचांदुर चौकी क्षेत्र की है। यहां के खोपली काशीडीह खार गांव के कोटवार ने पेड़ से लटकी एक युवक और युवती का शव देखा। दोनों एक लाल रंग की नाइलोन रस्सी के सहारे पेड़ से फांसी लगाई थी। कोटवार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग के मरच्यूरी भेज दिया।




एएसपी सिटी अभिषेक झा ने बताया कि मृतकों की पहचान कोसल विश्वकर्मा और मीनाक्षी यादव के रूप में हुई है। दोनों ग्राम स्टेशन मरौदा के रहने वाले थे। उन्होंने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया इसके लिए पुलिस उनके परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


बताया जा रहा है कि मृतक कोसल और मीनाक्षी दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। मीनाक्षी शादीशुदा और दो बच्चों की मां थी। वहीं कोसल कुंआरा था। कोसल टाइल्स का काम करता था। मीनाक्षी भी कई बार उसके साथ काम पर जाती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां हुईं। जब वो एक दूसरे से शादी नहीं कर पाए तो अपने घर से 10-12 किलोमीटर दूर खोपली गांव पहुंचे और वहां फांसी पर झूल गए।
00 मायके में रह रही थी मीनाक्षी

बताया जा रहा है कि मीनाक्षी यादव शादी शुदा थी। लेकिन उसका पति के साथ ठीक ठाक संबंध नहीं था। आए दिन दोनों के बीच झगड़ा होता था। कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ और पति ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वो अपने मायके स्टेशन मरोदा रहने चली आ गई थी। इसी दौरान मीनाक्षी कभी कभी कोसल के साथ टाइल्स लगाने के काम में जाती थी।
