श्री सत्य साई की जन्म शताब्दी वर्ष पर 15 मार्च को मैराथन...... दो हजार से ज्यादा धावकों के हिस्सा लेने का अनुमान..... - Steel City Online News Portal

श्री सत्य साई की जन्म शताब्दी वर्ष पर 15 मार्च को मैराथन…… दो हजार से ज्यादा धावकों के हिस्सा लेने का अनुमान…..

IMG-20260313-WA0944.jpg

श्री सत्य साई की जन्म शताब्दी वर्ष पर 15 मार्च को मैराथन
00 दो हजार से ज्यादा धावकों के हिस्सा लेने का अनुमान

भिलाई नगर 13 मार्च 2026:- भगवान श्री सत्य साई बाबा के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर श्री सत्य साई सेवा संगठन द्वारा पूरे भारत में विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की सेवा एवं जन-जागरुकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में भिलाई के जयंती स्टेडियम से 15 मार्च को विशाल मैराथन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें 2 हजार से ज्यादा धावक हिस्सा ले रहे हैं। यह मैराथन भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में फिट इंडिया कैंपेन के तहत हो रहा है।

श्री सत्य साई सेवा संगठन छत्तीसगढ़ द्वारा भिलाई में यह कार्यक्रम कराया जा रहा है। संगठन के जिला अध्यक्ष वी संदीप नायडू ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि भिलाई शहर में 15 मार्च की सुबह 6:00 बजे से जयंती स्टेडियम (सेक्टर-10) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए संगठन ‌द्वारा लगभग 15 दिवस पूर्व पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी, जिसमें 2301 प्रतिभागियों ने अपना पंजीयन कराया है। पंजीकृत प्रतिभागियों के लिए 14 मार्च की सुबह 9:00 से शाम 6:00 बजे तक टी-शर्ट वितरण किया जाएगा।

संदीप नायडू ने बताया कि श्री सत्य साई रन एंड राइड” किसी प्रकार की प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह शांति, एकता एवं सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने वाला जन-जागरूकता अभियान है। यह आयोजन पारंपरिक मैराथन से भिन्न है, जिसमें विजय व पराजय की कोई अवधारणा नहीं है। इसमें भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को स्मृति-चिह्न स्वरूप पदक (मेडल) प्रदान किया जाएगा तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता का ई-प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।


scroll to top