भिलाईनगर 12 सितंबर 2022:! दुर्ग गंजपारा में गणेश विसर्जन के दौरान एक नाबालिग कीइ हत्या हो गई। एक युवक ने धारदार चाकू से नाबालिग का गला काट दिया।लोगों ने नाबालिग को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अधिक खून बह जाने से उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी यश मेहरा को गिरफ्तार कर लिया है।…






दुर्ग सीएसपी अभिषेक झा ने बताया कि उन्हें बीती देर रात सूचना मिली थी कि नाका चौक गंजपारा में किसी नाबालिग की हत्या कर दी गई है। तुरंत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि गोपी ढीमर का चाचा राकेश ढीमर गणेश विर्सजन में डीजे के साथ घूम रहा था। इसी दौरान उतई थाना अंतर्गत उमरपोटी पुरई निवासी यश मेहरा उर्फ यशु (21 साल) वहां पहुंचा और राकेश ढीमर से विवाद करने लगा। दोनों के बीच हाथ-मुक्का से मारपीट भी हुई। इस झगड़े के बारे में राकेश अपने नाबालिग भतीजे गोपी ढीमर को बता रहा था। यह देख कर यश मेहरा फिर से आक्रोशित हो उठा। विवाद बढ़ा तो यश मेहरा ने अपने पास रखे धारदार चाकू को निकाला और गोपी के गले में वार करके भाग गया।





गोपी का गला कट जाने से वह वहीं लहूलुहान होकर गिर गया। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत उसे बाइक से जिला अस्पताल दुर्ग लेकर गये। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही तत्काल थाना प्रभारी दुर्ग एसएन सिंह अपने स्टाफ के घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने इसकी जानकारी एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव को दी। एसपी ने दुर्ग सीएसपी के नेतृत्व में दुर्ग टीआई एसएन सिंह और एसीसीयू प्रभारी संतोष मिश्रा के साथ एक टीम गठित की। इस टीम ने रात में जगह-जगह छापेमारी करके आरोपी यश मेहरा को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में उपयोग किया गया धारदार हथियार जब्त कर लिया है।






