नए संसद भवन के भव्य प्रतिरूप मे विराजेंगे गणपति बप्पा…चरोदा के जोन -2 मे बंगाल के कारीगर दे रहे अंतिम रुप…. दर्शनार्थियों के मनोरंजन के लिए लगेगा मीना बाजार…..

IMG-20220824-WA0179-1-300x300-1.jpg


भिलाई नगर 24 अगस्त 2022:! रेलवे कालोनी चरोदा के जोन-2 में गणेशोत्सव का आयोजन भव्यता के साथ किया जा रहा है। इस बार सेन्ट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बन रहे नए संसद भवन का प्रतिरुप का भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। इस पंडाल को अंतिम रूप देने में बंगाल के कारीगर महीने भर से जुटे हुए हैं। दर्शनार्थियों के मनोरंजन के लिए यहां पर मीना बाजार भी लगाया जाएगा।


चरोदा के जोन-2 में नव युवा चेतना मंच के द्वारा गणेशोत्सव भव्य तरीके से मनाया जाता है। यहां बनाएं जाने वाले पंडाल का एक अलग ही आकर्षण रहता है। आयोजन के 16 वें वर्ष में इस बार समिति ने सेन्ट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली में निर्माणाधीन नए संसद भवन के जैसा पंडाल बनाने का निर्णय लिया। समिति के निर्णय को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आए कारीगरों की टीम महीने भर से साकार करने में जुटी हुई है।


समिति के संरक्षक एवं चरोदा नगर निगम के पार्षद चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि पंडाल की ऊंचाई 100 फीट और चौड़ाई 166 फीट है। पंडाल के तिसरी मंजिल पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगेगी। वहीं सबसे उपर तीन सिंहों के साथ अशोक स्तंभ सुशोभित रहेगा। वहीं पंडाल के अंदर बने मंच पर भगवान श्री गणेश की 14 फीट ऊंची मनमोहक प्रतिमा विराजित कर पूजा अर्चना होगी।


समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश पाण्डेय एवं कोषाध्यक्ष सनातन ठाकुर ने बताया कि 31 अगस्त को भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम से उत्सव मनाया जाएगा। इसे सफल बनाने समिति के सौ से भी अधिक सदस्य तन, मन, धन से जुटे हुए हैं। पूजा अर्चना और दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मनोरंजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके तहत अंचल उत्सव मेला व मीना बाजार लगाए जाने की तैयारी जारी है।


scroll to top