NSPCL का AGM हुआ ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार….. बैंक की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर शातिर ठग ने 90 हजार का लगाया चूना….

IMG_20250627_172639.jpg

एनएसपीसीएल का एजीएम हुआ ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार 00 बैंक की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर शातिर ठग ने 90 हजार का लगाया चूना

भिलाई नगर 27 जून 2025:- साइबर फ्रॉड को लेकर जागरुकता के लिए दुर्ग पुलिस लाख कोशिशें कर रही है। मोबाइल फोन पर जागरूकता वाले संदेश का प्रसारण किया जा रहा है। इसके बाद भी मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। कम पढ़े लिखे लोगों को लेकर एक बार कहा जा सकता है कि वे नासमझी में ठगी के शिकार हो रहे हैं लेकिन पढ़े लिखे और बड़े पदों पर काम करने वाले भी ठगों के पैंतरों को नहीं समझ पा रहे हैं।

ताजा मामले में भिलाई नगर थाना क्षेत्र के एनएसपीसीएल टाउनशिप रुआबांधा में रहने वाले एनएसपीसीएल के एजीएम ठगी का शिकार हो गए हैं। शातिर ठगों ने बैंक की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर लगभग 90 हजार रुपए की ठगी कर ली। इस मामले में भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज विवेचना शुरू कर दी है।


आवास क्रमांक डी 2/3 एनएसपीसीएल टाउनशिप रुआबांधा भिलाई के रहने वाले मकरंद बक्शी ( 56 वर्ष ) एनएसपीसीएल में एजीएम के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने भिलाई नगर थाने पहुंचकर अपने साथ हुई ठगी का पूरा ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि 17 जून 2025 को अनजान मोबाइल नंबर से उनके मोबाइल पर कॉल आया। कॉलर ने स्वयं को भारतीय स्टेट बैंक चेंबुर का ब्रांच मैनेजर बताया।

इसके बाद उसने मकरंद बक्शी को मोबाइल ऐप में जाकर बैंक की केवाईसी अपडेट करने कहा। मकरंद बक्शी ने केवाईसी अपडेट करने के लिए मोबाइल ऐप खोला लेकिन वह लॉगिन नहीं हुआ। इसके बाद कॉलर ने एजीएम से उनके दूसरे बैंक की जानकारी ली। मकरंद ने बिना सोचे समझे अपने एक्सिस बैंक की जानकारी कॉलर को दे दी। इसके बाद कॉलर ने वाट्सएप में एक कस्टमर सपोर्ट का ऐप भेजा, जिसको ओपन करने पर एक लिंक क्लिक हो गया एवं तुरंत उनके मोबाइल में ओटीपी आने लगा।

हालांकि इससे उन्हें अहसास हो गया कि कुछ गड़बड़ हुई है। इसके बाद एजीएम ने फोन काटा और अपने बैंक का ट्रांजेक्शन लिमिट कम करने की कोशिश की। लेकिन उससे पहले ही उनके खाते से 19999, 19999, 19999, 19999 एवं 10000 रुपए से कुल मिलाकर 89996 रुपए निकल गए। इस तरह एनएसपीसीएल के एजीएम के खाते से रुपए पार हो गए। फिलहाल इस मामले में भिलाई नगर पुलिस अपराध दर्ज जांच शुरू कर दी है।


scroll to top