दुर्ग में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन

भिलाई नगर, 12 फरवरी 2026:- भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI), छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष गुरलीन सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक, दुर्ग को सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) दुर्ग में नौकरी दिलाने के नाम पर एक नाबालिग युवती के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर 30 जनवरी 2026 को दुर्ग पुलिस द्वारा छह आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया था।

NSUI के अनुसार अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि फरार आरोपियों में भीम नारायण पाण्डेय एवं संजय पंडित शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक विशेष जांच दल (SIT) का गठन नहीं किया गया है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। संगठन ने आशंका जताई कि जांच प्रक्रिया में हो रही देरी कहीं किसी प्रकार के दबाव का परिणाम तो नहीं है।
जिला अध्यक्ष गुरलीन सिंह ने आशंका जताते हुए कहाँ है की कही दुर्ग लोक सभा सांसद का दबाव तो नहीं है, जिसकी वजह से पुलिस प्रशासन आरोपियों को पकड़ नहीं पा रहा है। यदि किसी जनप्रतिनिधि या प्रभावशाली व्यक्ति का दबाव जांच को प्रभावित कर रहा है, तो यह अत्यंत गंभीर और निंदनीय विषय है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

NSUI ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन करेगा। साथ ही, पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष करने की बात भी कही गई।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष आदिल खान, संगठन मंत्री मिशंक मिश्रा, भिलाई विधानसभा अध्यक्ष संगम यादव, जिला महासचिव राहुल सिंह, पीयूष सिंह, वैभव गिरी, दिव्यांशु मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




