चरोदा निगम के अधिकारी व कर्मचारियों को दो माह से नहीं मिला वेतन…..
00 पारिवारिक दायित्व निर्वहन में आ रही अड़चन…..
00 मानसिक तनाव का कामकाज पर पड़ रहा असर….. 00 कर्मचारी संघ की खामोशी समझ से परे….

IMG-20221206-WA0177.jpg


भिलाई नगर 06 दिसंबर 2022/ भिलाई – चरोदा नगर निगम के अधिकारी और तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे उनके पारिवारिक दायित्व निर्वहन में अड़चन आ रही है। इतना ही नहीं इस वजह से होने वाले मानसिक तनाव का उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है। लंबित वेतन का भुगतान कब तक होगा, इस बात का जवाब नहीं मिल पा रहा है।है भिलाई – चरोदा नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। पूरे महीने काम करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। वेतन मिलने का इंतजार करते दो महीने बीत चुके हैं। इससे पहले सितंबर महीने का वेतन अक्टूबर में मिला था। इस तरह अब अक्टूबर और नवंबर महीने का वेतन अटका हुआ है। निगम में महीने की पहली तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित हो जाता था। लेकिन पिछले दो महीने से वेतन नसीब नहीं होने से अधिकारी और कर्मचारियों को परिवार के भरण पोषण में दिक्कत आ रही है।


उल्लेखनीय है कि भिलाई – चरोदा नगर निगम में प्लेसमेंट कर्मचारियों को छोड़ दिया जाए तो नियमित अधिकारी व कर्मचारियों की संख्या 187 है। इनके प्रतिमाह वेतन भुगतान में लगभग 97 लाख रुपए की जरूरत होती है। बताते हैं लक्ष्य के अनुरूप राजस्व की वसूली नहीं होने से निगम के खजाने पर नकारात्मक असर पड़ा है। इस वजह से वेतन भुगतान में दिक्कत आ रही है। किसी तरह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतन भुगतान कर दिया गया है। लेकिन अधिकारियों के साथ साथ तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को वेतन देने की व्यवस्था अब तक नहीं बन सकी है।
लगातार दो महीने से वेतन नहीं मिलने से निगम के अधिकारी और कर्मचारियों में अवसाद उभरने लगा है। यह स्थिति कामकाज के दौरान उनके व्यवहार में साफ झलक रही है। इससे कार्यालयीन कामकाज में नकारात्मक असर पड़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है। महीने भर में वेतन के रूप में एक निश्चित राशि बैंक खाते में आने की उम्मीद के साथ कईं अधिकारी और कर्मचारियों ने घरेलू आवश्यकता के सामान किश्त में खरीद रखा है। राशन सहित बच्चों के पढ़ाई का भी खर्च वेतन पर टिका हुआ है। ऐसे में दो महीने से वेतन नहीं मिलने के चलते अधिकारी और कर्मचारियों की मानसिक स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

00 कर्मचारी संघ की खामोशी समझ से परे
अधिकारी और कर्मचारियों को दो महीने से वेतन भुगतान नहीं होने के बावजूद भिलाई – चरोदा नगर निगम में किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन दिख नहीं रहा है। खासकर कर्मचारी संघ की खामोशी समझ से परे बनी हुई है। जबकि पड़ोस के भिलाई नगर निगम में इसी तरह के मामले में कर्मचारी संघों ने खुलकर प्रदर्शन कर शासन – प्रशासन का ध्यानाकर्षण कराया है। लेकिन भिलाई – चरोदा में कर्मचारी संघ की ओर से इस बार वेतन भुगतान को लेकर कोई भी पहल नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है।


scroll to top