नववर्ष के उपलक्ष में निदेशक प्रभारी  अनिर्बान दासगुप्ता ने दूसरे दिन भी किया संयंत्र के कुछ विभागों का  भ्रमण

IMG_20240104_000248.jpg

भिलाई नगर 4 जनवरी 2024 :- सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने, कार्यपालक निदेशकों सहित 02 जनवरी  को भिलाई इस्पात संयंत्र के विभिन्न विभागों का भ्रमण किया।

इसी तारतम्य में आज 03 जनवरी  को कुछ विभागों का भ्रमण किया, जिसमें अग्निशमन सेवा विभाग, परियोजना विभाग, नगर सेवाएं विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवांए विभाग सम्मिलित है। संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने, विभागों के श्रमिकों, कार्मिकों व अधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी और सुरक्षा नियमों एवं मानदंडों का पालन करते हुए, उनसे सुरक्षित रूप से कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने शून्य दुर्घटना के साथ उत्पादन के आगामी लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।

संयंत्र भ्रमण के दौरान श्री अनिर्बान दासगुप्ता के साथ, संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री अंजनी कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री एस मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रबर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) डॉ अशोक कुमार पंडा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवांए) डॉ एम रविन्द्रनाथ उपस्थित थे। भ्रमण के दौरान सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने इस्पात बिरादरी के सदस्यों से मुलाकात की और नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी।

अग्निशमन सेवा विभाग में,  अनिर्बान दासगुप्ता ने सुरक्षित अग्नि निवारण पर बल देते हुए कहा, कि संयंत्र में अग्नि दुर्घटना में लोगों की जान बचाते हुए, कृपया आप स्वयं की सुरक्षा का भी ध्यान रखें, जो बहुत महत्वपूर्ण है। इसके लिए आवश्यक सभी सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें, जिससे आप अधिक से अधिक टेक्नोलोजी ओरिएंटेड तरीके से कार्य कर पाएंगे।

 कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने कहा कि  हमारा मुख्य लक्ष्य आग लगने की घटना को ही रोकना होना चाहिए। इसके लिए निवारण पर ध्यान केंद्रित करते हुए कंपनी को फायरप्रूफ बनाये। कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) डॉ अशोक कुमार पंडा ने कहा की आग लगने की घटना, कारण आदि को ही हम नियंत्रित करें और निरंतर उसकी समीक्षा करें। 

इससे हम लगभग 40% घटना को नियंत्रित कर सकते हैं, साथ ही कंपनी के जन और धन दोनों की हानि को भी कम कर सकते हैं। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) पी के सरकार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी (अग्निशमन विभाग)  बी के महापात्रा ने संयंत्र भ्रमण करने वाली टीम का अपने कर्मचारियों के साथ स्वागत किया।    

परियोजना विभाग में  अनिर्बान दासगुप्ता ने श्रमिकों के सुरक्षित कार्य के साथ सभी परियोजनाओं को पूरा करने एवं आगामी लक्ष्यों को हासिल करने हेतु विभाग का उत्साह वर्धन किया और लगातार तीन सालों से सभी निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए उन्हें बधाई दी। श्री अंजनी कुमार ने कहा कि सुरक्षित कार्य सुनिश्चित करें

अन्यथा इसके उल्लंघन करने वाले पर पेनाल्टी लगाई जायेगी। कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) एस मुखोपाध्याय ने सही समय पर उचित परियोजना लाने, उसे समय पर पूरा करने, लागत आदि जैसे विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए, सफलता हासिल करने हेतु विभाग को प्रेरित किया एवं उन्हें शुभकामनायें दी।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनायें) श्री आर के श्रीवास्तव एवं मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनायें) श्री उन्मेष भरद्वाज ने संयंत्र भ्रमण करने वाली टीम का अपने विभाग के कर्मचारियों के साथ स्वागत किया।

इसके साथ ही नगर सेवाएं विभाग में, मुख्य महाप्रबंधक (कार्मिक) श्री संदीप माथुर सहित नगर सेवाएं विभाग एवं निगमित समाजिक उत्तरदायित्व विभाग के महाप्रबंधकगण, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीम का स्वागत किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवांए विभाग में,

 मुख्य चिकित्सा अधिकारी  (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवांए) डॉ प्रमोद बिनायके, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवांए) डॉ विनीता द्विवेदी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवांए) डॉ कौशलेन्द्र ठाकुर सहित चिकित्सा विभाग के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक एवं हॉस्पिटल स्टाफ ने टीम का स्वागत किया।


scroll to top