सुअर और आवारा कुत्तों से बढ़ा संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा...00 स्लम एरिया से लेकर पॉश कॉलोनी तक में फैल रही गंदगी.....00 धरपकड़ नहीं होने से लोगों में चिंता के साथ उभरी नाराजगी... - Steel City Online News Portal

सुअर और आवारा कुत्तों से बढ़ा संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा…
00 स्लम एरिया से लेकर पॉश कॉलोनी तक में फैल रही गंदगी…..
00 धरपकड़ नहीं होने से लोगों में चिंता के साथ उभरी नाराजगी…

IMG-20230112-WA0347.jpg


भिलाई नगर 12 जनवरी 2023 / सुअर और आवारा कुत्तों के चलते शहर में संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। शहर के अंदर सुअर पालन होने और आवारा कुत्तों की बेकाबू तरीके से बढ़ती संख्या की वजह से स्लम एरिया से लेकर पॉश कॉलोनी तक में गंदगी फैल रही है। इनकी धरपकड़ नहीं होने से लोगों में चिंता के साथ नाराजगी बनी हुई है।


शहर के अंदर सुअर पालन पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है। यही स्थिति आवारा कुत्तों को लेकर भी बनी हुई है। नियमत: सुअर पालन शहर से बाहर होना चाहिए। लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है। लोग शहर के अंदर ही बिना किसी घेराबंदी के सुअर पालन कर रहे हैं। इन पालतू सुअरों के लिए अलग से कोई रहवास नहीं होने से शहर में जहां मन किया वहां विचरण करते हुए गंदगी फैला रहे हैं। आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने की दिशा में भी शहर में कोई काम नहीं हो रहा है। दिन ब दिन आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती चली जा रही है। कुत्तों के चलते भी शहर में स्वच्छता अभियान को पलीता लग रहा है।


गौरतलब रहे कि कुछ दिन पहले ही शहर के कैंप क्षेत्र में डायरिया फैलने से दो की मौत हो गई थी और अनेक लोगों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। सुअर और आवारा कुत्तों की सबसे अधिक तादाद कैंप क्षेत्र में ही देखने को मिल रही है। इनके द्वारा फैलाई जा रही गंदगी से अन्य संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है। सुपेला के आकाश गंगा व्यवसायिक परिसर के पीछे रेल पटरी के किनारे बरसों से सुअर पालन हो रहा है। यहां पल रहे सुअर मार्केट में घूम घूमकर गंदगी फैलाते हैं। वहीं आवारा कुत्तों की संख्या भी इस इलाके में काफी ज्यादा देखने को मिलता है।


सुअर और आवारा कुत्तों में आक्रमकता के चलते बुजुर्ग और छोटे बच्चों के साथ अनहोनी की आशंका बनी रहती है। कुछ बरस पहले कैंप क्षेत्र के वृंदा नगर में सूअरों के झुंड ने एक वृद्ध महिला को नोंचकर मारा डाला था। उसके बाद पूरे भिलाई में हंगामा मच गया था। उसके एक सप्ताह के भीतर ही सूअरों के झुंड ने एक वृद्ध महिला पर और हमला कर दिया था। इन दोनों घटनाओं के बाद भिलाई नगर निगम ने सुअर पकड़ने के लिए निजी एजेंसी को नियम शर्तों के तहत जिम्मेदारी सौंपी। लेकिन सुअर पालकों के आक्रामक विरोध के बाद सुअर पकड़ने का काम रोक दिया गया। इसी तरह आवारा कुत्तों की नसबंदी और डॉग हाउस में रखने की कवायद ने भी थोड़े समय में दम तोड़ दिया।

00 भाजपा पार्षदों ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
भिलाई नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आवारा घूम रहे सुअर और कुत्तों के चलते हो रही परेशानी की ओर भाजपा पार्षदों ने निगम आयुक्त रोहित व्यास का ध्यानाकर्षण कराया है। पार्षद पीयूष मिश्रा, नोहर सिंह वर्मा, श्याम बहादुर सिंह उर्फ विनोद सिंह, विनोद चेलक और सत्या देवी जायसवाल ने संयुक्त रूप से एक ज्ञापन सौंपकर निगम आयुक्त से आवारा सुअर व कुत्तों को शहर से बाहर करने की दिशा में उचित कदम उठाने का निवेदन किया है। पार्षदों ने आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में बताया है कि सुअर और कुत्तों के चलते शहर में गंदगी फैलने से संक्रामक बीमारी का खतरा बना हुआ है। वहीं बच्चे और बुजुर्गो पर इन जानवरों के द्वारा हमला किए जाने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।


scroll to top