छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

भिलाई नगर 10 नवंबर 2025:- गतका एसोसिएशन के महासचिव जसवंत सिंह खालसा ने बताया कि बैंगलोर के यूनिवर्सिटी ग्राउंड में दिनांक 7, 8 एवं 9 नवंबर को नेशनल गतका एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा गतका फैडरेशन कप एवं द्वितीय पाइथियन खेलों का भव्य आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों की श्रेष्ठ टीमों ने हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ गतका टीम की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अर्शदीप सिंह ने सिंगल सोटी व्यक्तिगत इवेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन कर रजत पदक जीता। वहीं टीम इवेंट में भी दमदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा सिंगल सोटी इवेंट में गुरताज सिंह, गुरप्रीत सिंह और समर्थ सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीते। महिला वर्ग में डिम्पल कौर, विधि गुप्ता और निधि गुप्ता ने छत्तीसगढ़ के लिए कांस्य पदक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया। ब्वॉयज टीम के कोच राजवीर सिंह और गर्ल्स टीम की कोच रोहिणी धीमान रहीं। वहीं छत्तीसगढ़ के अमन सिंह का चयन फैडरेशन कप एवं पाइथियन खेलों में नेशनल रैफरी के रूप में किया गया, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि पर एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू, मलकीत सिंह, जसवंत सिंह खालसा, रंजीत सिंह, कल्पना स्वामी, जसबीर सिंह चहल, पलविंदर सिंह, सुच्चा सिंह, गुरनाम सिंह सहित अनेक खेलप्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।




