प्रदेश में अमन व चैन की दुआ के साथ ईदगाहों पर अता की गई नमाज
00 गले मिलकर दी मुबारकबाद फिर चला सेवईयां खाने खिलाने का दौर
00 ईद उल फितर पर ट्विन सिटी में बिखरा हर्ष और उल्लास
भिलाई नगर 21 मार्च 2026:- रमजान के 30 दिन के रोजे पूरे करने के बाद शनिवार को मुस्लिम समुदाय ने ईद उल फितर का त्योहार धूमधाम से मनाया। शहर के सेक्टर.6 जामा मस्जिद सहित टि्वनसिटी के तमाम ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अता की गई। जिसमें अमन चैन व सलामती की दुआएं मांगी गई। मस्जिदों के अलावा शहर के कब्रिस्तान में भी ईद उल फितर की रौनक रही। यहां लोगों ने स्वजनों की कब्र पर दुआएं की। वहीं ईदगाह मैदान में जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

ऐलान के मुताबिक 21 मार्च को जामा मस्जिद सेक्टर-6 के ईदगाह मैदान में सुबह 8:30 बजे नमाज-ए-ईद-उल-फितर अता की गई। यहां जिन लोगों की नमाज छूट गई उनके लिए इस नमाज के बाद मस्जिद में दूसरी जमात रखी गई। गौसिया मस्जिद कैम्प-1 में सुबह ठीक 8 बजे, अशरफी मस्जिद खुर्सीपार में सुबह 8 बजे, मदनी मस्जिद जोन 1/2 खुर्सीपार सुबह 9:15 बजे, रजा जामा मस्जिद कैंप 2 में सुबह 9 बजे, शेरे खुदा मस्जिद हाउसिंग बोर्ड के ईदगाह मैदान में सुबह 8:15 बजे, फरीद नगर के बड़ा मैदान ईदगाह में सुबह 7:45 बजे, अशरफी मस्जिद रूआबांधा में 8 बजे, मर्कजी मस्जिद पावर हाउस कैंप-2 में 8:45 बजे, मदनी मस्जिद फरीद नगर में सुबह 8:30 बजे, मरकज सुपेला मस्जिद नूर में 9:15, जामा मस्जिद हुडको में सुबह 7:30 बजे भिलाई-3 के गांधी नगर ईदगाह में सुबह 9 बजे नमाज अदा की गई।




ईद की नमाज को देखते हुए शहर की तमाम मस्जिद कमेटियों की ओर से इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। वहीं प्रशासन की ओर से भी यातायात व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर बंदोबस्त किए गए हैं। ईदगाहों और मस्जिद के पास पुलिस बल तैनात किया गया था। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले लग कर ईद की मुबारक बाद दी। घरों में दिन भर सेवईयों का दौर चला। मुस्लिम भाइयों ने खुद भी सेवईयां खाई और घर आने वाले हर लोगों को सेवईयां खिलाई। ईदगाहों पर विशेष नमाज के दौरान मेले की धूम रही। बच्चों ने दिन भर जम कर मस्ती की। बड़ों ने बच्चों को ईदी के रूप में रुपए और पसंदीदा उपहार दिया।
00 मोहब्बत का शहर है भिलाई – देवेंद्र यादव
सेक्टर 6 जामा मस्जिद के बाहर विधायक देवेंद्र यादव व पूर्व राज्यमंत्री बदरुद्दीन कुरैशी ने नमाज के बाद रोजेदारों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भिलाई में सभी धर्मों के त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव से मनाया जाता है। सही मायने में भिलाई मोहब्बतों का शहर है। यहां की कौमी एकता को देखते हुए इसे मिनी इंडिया कहा जाता है। श्री यादव ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी है।






