रेलवे कैटरिंग कॉन्टैक्टर सागर इंटरनेशनल होटल के संचालक विजय अग्रवाल के रायपुर -दुर्ग ठिकानों पर ED का छापा…

दुर्ग 15 जुलाई 2025:- छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से ईडी की टीम ने छापा मारा है। ईडी की कार्रवाई रेलवे कैटरिंग कॉन्टैक्टर दुर्ग जिले के एक होटल कारोबारी के यहां चल रही है। छापा क्यों मारा गया है इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रात्रि 11:00 बजे के करीब टीम दुर्ग दीपक नगर से रवाना हो गई।

दुर्ग दीपक नगर स्थित होटल सागर इंटरनेशनल के मालिक रेलवे कैटरिंग कॉन्टैक्टर विजय अग्रवाल के घर और कार्यालय में सुबह से जांच चल रही है। यहां तीन इनोवा में सुबह 6 बजे ईडी टीम पहुंची हुई है, जिसमें सीआरपीएफ के जवान भी शामिल हैं। बता दे विजय अग्रवाल की अलग-अलग नाम से कई फर्म हैं। तीन भाइयों के इस ग्रुप के परिवार से जुड़े सदस्यों को छत्तीसगढ़ में भी पिछली सरकार में मिड डे मील का एक बड़ा काम मिला था। गत वर्ष रेल नीर घोटाला में भी इस परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगे थे।
फिलहाल खबर यह भी है कि तीन भाइयों के इस परिवार में अब बंटवारा हो चुका है। इस ग्रुप के तीनों भाइयों को ईडी ने अपनी रडार में लिया है। बता दे इसी परिवार का रायपुर में एक बड़ा होटल कोर्टयार्ड मैरियट भी है। यहां पर भी जांच की बात सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि छापे की कार्रवाई केवल दुर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि रायपुर में स्थित इस परिवार के अन्य ठिकानों पर भी ईडी की टीमें सक्रिय हैं। परिवार के स्वामित्व में रायपुर स्थित कोर्टयार्ड मैरियट होटल भी है, जो ईडी की जांच के दायरे में आ सकता है। फिलहाल ईडी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन कार्रवाई पूरे दिन चलने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही ईडी की कार्रवाई राज्य की कारोबारी और राजनीतिक हलचलों को फिर से गर्मा सकती है
सीआरपीएफ तैनात
ईडी की कार्रवाई के दौरान CRPF के जवानों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए साथ लाया गया है। बंगले के अंदर ईडी अधिकारी दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच-पड़ताल कर रहे हैं। मामला मनी लॉड्रिंग से जुड़ा हुआ है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में ईडी की टीम कई घोटालों का जांच कर रही है।

ईडी ने नहीं किया खुलासा
ईडी ने रेड के कारणों के बारे में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति, आर्थिक लेनदेन या किसी पुराने आर्थिक अपराध से जुड़ी जांच का हिस्सा हो सकती है। या फिर किसी घोटाले के तार जुड़े हो सकते हैं।
बेनामी संपत्ति का मामला
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आर्थिक लेन-देन और बेनामी संपत्ति की जांच के तहत की जा रही है। प्रदेश में अलग अलग घोटाले में ईडी की टीम जांच कर रही है। यह कार्रवाई किस घोटाले के संबंध में की जा रही है फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो रहा है। विजय अग्रवाल के घर हुई कार्रवाई के बाद दुर्ग-भिलाई के कारोबारी जगत और राजनीति हलकों में हलचल तेज हो गई है। समाचार लिखे जाने तक छापे की कार्यवाही के संबंध में टीम ने कोई भी जानकारी मीडिया कर्मियों को उपलब्ध नहीं कराई है



