अतिक्रमण हटाओ अभियान: नंदनी रोड में 50 स्थानों से हटाया गया अतिक्रमण, निगम की टीम ने दिनभर की कार्रवाई, 22 से अधिक दुकानों एवं ठेलो को अपने निर्धारित दायरे में दुकान संचालित करने कराया गया व्यवस्थित, हटाया गया पीछे और की गई मार्किंग - Steel City Online News Portal

अतिक्रमण हटाओ अभियान: नंदनी रोड में 50 स्थानों से हटाया गया अतिक्रमण, निगम की टीम ने दिनभर की कार्रवाई, 22 से अधिक दुकानों एवं ठेलो को अपने निर्धारित दायरे में दुकान संचालित करने कराया गया व्यवस्थित, हटाया गया पीछे और की गई मार्किंग

IMG-20230112-WA0752-1.jpg

भिलाई नगर/ नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत पावर हाउस के समीप नंदनी रोड में अतिक्रमण के खिलाफ दिनभर कार्रवाई की गई। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आज अतिक्रमण को हटाया गया और सड़कों पर ठेले लगाने वाले लोगों को व्यवस्थित किया गया। 50 स्थानों पर सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाए गए। इसके साथ ही ऐसे ठेले एवं दुकान जो सड़कों पर लगाए जा रहे थे उन्हें पीछे करते हुए व्यवस्थित कराया गया।

इसके साथ ही एक निश्चित दायरा में व्यवसाय करने के लिए हिदायत देते हुए चुना मार्किंग कर चिन्हित किया गया। अतिक्रमण एवं अवैध कब्जा हटाने के लिए जेसीबी की भी सहायता ली गई। अवैध व कबाड़ गुमटियों का सर्वे भी किया गया है। काफी समय से गुमटी आबंटित होने के बाद भी दुकान संचालित नही करने वालो की लिस्ट भी तैयार की जा रही है। कई व्यवसायियों ने अतिक्रमण करते हुए बांस, बल्ली, तिरपाल आदि की सहायता से सड़क को घेरते हुए व्यवसाय कर रहे थे। पावर हाउस चौक की ओर से नंदनी रोड जाने वाली सड़क पर इन कारणों से यातायात प्रभावित हो रहा था।

इन सभी को देखते हुए आज विशेष अभियान चलाकर नंदनी रोड से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि बुधवार को महापौर नीरज पाल, कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा एवं निगम आयुक्त रोहित व्यास ने पावर हाउस मार्केट क्षेत्र एवं नंदनी रोड का निरीक्षण किया था। इस दौरान कलेक्टर एवं आयुक्त ने यातायात को सुगम बनाने के लिए अधिकारियों को अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। इसी तारतम्य में ठीक इसके दूसरे दिन अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा सड़क पर लगाने वाले ठेले को पीछे कर व्यवस्थित कराया गया। आज की इस विशेष अभियान की कार्रवाई में जोन आयुक्त जोन क्रमांक 3 मदर टैरेसा नगर अमिताभ शर्मा, सहायक अभियंता अनिल सिंह एवं सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर कार्यवाही किए।


scroll to top