बीएसपी के रिटायर कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा….आवास किराए में की गई वृद्धि के विरोध में  टीए बिल्डिंग का घेराव….

IMG-20260120-WA1190.jpg

बीएसपी के रिटायर कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा
00 आवास किराए में की गई वृद्धि के विरोध में  टीए बिल्डिंग का घेराव

भिलाई  नगर 20 जनवरी 2026:- भिलाई इस्पात संयंत्र के रिटायर कर्मचारियों ने आज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नगर प्रशासन कार्यालय का घेराव कर दिया। सेवानिवृत्ति के बाद बीएसपी के ही आवासों में रहने वाले रिटायर कर्मचारियों के किराए में की गई कईं गुना वृद्धि के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। जिसमें भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कर्मी व उनके परिजन शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। रिटायर कर्मियों के परिजनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र को खड़ा करने में जिन कर्मियों ने अपना खून पसीना लगा दिया, और ऐसे कर्मियों के साथ प्रबंधन का यह बर्ताव अमानवीय है और प्रबंधन को अपने इस फैसले को लेकर पुनर्विचार करना चाहिए।


इस अवसर पर सेवानिवृत कर्मी नेता अरविंद सिंह ने कहा कि बीएसपी ने लीज पर दी गई आवासों का किराया बढ़ाकर 24 रुपए वर्ग फीट कर दिया है। प्रतिमाह 12 सौ रुपए के लगभग पेंशन लेने वाले बीएसपी के रिटायर कर्मचारी बढ़ी हुई दर पर किराया देने में असमर्थ हैं। प्रबंधन को अपने निर्णय में पुनर्विचार करना चाहिए।

भिलाई जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने अपने खून पसीने से बीएसपी को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई है, उनके सिर से छत छीनने का प्रयास निंदनीय है। छठवां फेज आवास लीज पर प्रबंधन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लगातार दिग्भ्रमित किया, नहीं तो वे समय रहते अपने लिए आशियाना ढूंढ लेते।

सेवानिवृत्त कर्मचारी सुरेश चंद ने बताया कि लीज पर दिए मकानों का किराया अनाप-शनाप तरीके से बढ़ाने से ऐसा प्रतीत होता है कि बीएसपी प्रबंधन एक साजिश के तहत पूरी टाउनशिप को खाली कराना चाहती है।

गौरतलब है कि भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा रिटायर कर्मियों के आवासों के किराए में की गई वृद्धि का क्षेत्र के सांसद विजय बघेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय और विधायक देवेंद्र यादव भी विरोध कर चुके हैं।


scroll to top